छत्तीसगढ़: सर्पदंश पर तुरंत मिलेगी 'संजीवनी', प्रदेश की 375 एम्बुलेंस में रहेगा एंटी स्नेक वेनम
प्रदेश के दूरस्थ ग्रामीण और वनांचल क्षेत्रों में सर्पदंश के मरीजों की जान बचाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी पहल की है. अब 375 संजीवनी एक्सप्रेस 108 एम्बुलेंस में ही एंटी स्नेक वेनम उपलब्ध रहेगा, जिससे प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मी मौके पर पहुंचकर तुरंत उपचार शुरू कर सकेंगे.
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के दूरस्थ ग्रामीण और वनांचल क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के लिए सर्पदंश के मामलों में शुरुआती उपचार और अस्पताल तक पहुंचने में लगने वाला समय बेहद महत्वपूर्ण होता है. कई गांवों से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, जिला अस्पताल और मेडिकल कॉलेज अस्पताल की दूरी काफी अधिक होने तथा निजी वाहन की व्यवस्था नहीं होने के कारण मरीज को अस्पताल पहुंचाने में एक से दो घंटे या इससे अधिक समय लग जाता है. जहरीले सांप के काटने पर इस देरी के दौरान मरीज की हालत गंभीर हो सकती है और कई बार समय पर इलाज नहीं मिलने से जान तक चली जाती है.
इस गंभीर समस्या को देखते हुए अब मरीज को एंटी स्नेक वेनम (एएसवी) के लिए अस्पताल पहुंचने तक इंतजार नहीं करना पड़ेगा, क्योंकि स्वास्थ्य विभाग ने प्रदेश में संचालित 108 संजीवनी एक्सप्रेस एम्बुलेंस को भी इस जीवनरक्षक दवा से लैस करने की तैयारी की है. इसके तहत प्रदेश की 375 एम्बुलेंस में एंटी स्नेक वेनम की वायल के साथ सर्पदंश के उपचार के लिए जरूरी दवाएं और संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे.
खासकर बारिश के मौसम में ग्रामीण इलाकों में खेतों में काम करने, घरों में सोने या रात में बाहर निकलने के दौरान सर्पदंश की घटनाएं बढ़ जाती हैं.
नई व्यवस्था के तहत सांप काटने की सूचना मिलते ही 108 कॉल सेंटर से नजदीकी एम्बुलेंस को रवाना किया जाएगा. मौके पर पहुंचने वाली एम्बुलेंस में तैनात प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मी मरीज की स्थिति का आकलन कर चिकित्सकीय प्रोटोकॉल के अनुसार जरूरत के हिसाब से उपचार शुरू कर सकेंगे.
हालांकि, एंटी स्नेक वेनम हर सर्पदंश के मरीज को नहीं दिया जाता, बल्कि इसे देने का निर्णय प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मी तय मानकों के अनुसार ही लेंगे. एम्बुलेंस में ही इलाज शुरू होने से अस्पताल पहुंचने के दौरान मिलने वाला समय मरीज को राहत देने और उसकी जान बचाने में महत्वपूर्ण साबित हो सकता है. इसके बावजूद, दवा देने के बाद भी मरीज को अस्पताल पहुंचाना अनिवार्य होगा, ताकि वहां उसकी लगातार निगरानी और आगे का उपचार किया जा सके.