तेलंगाना में गिग वर्कर्स के लिए बीमा एवं हर ट्रांजेक्शन पर 1% सामाजिक सुरक्षा योगदान- राहुल गांधी
तेलंगाना की कांग्रेस सरकार गिग वर्कर्स की सामाजिक सुरक्षा और उनके डेटा के अधिकार को सुनिश्चित करने जा रही है. राहुल गांधी ने घोषणा की है कि राज्य के प्रत्येक गिग वर्कर को 10 लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा, 5 लाख रुपये का दुर्घटना बीमा और हर डिलीवरी व कैब राइड पर हर ट्रांजेक्शन पर 1% सामाजिक सुरक्षा योगदान. इसके साथ ही हैदराबाद सहित अन्य शहरों में वाई-फाई से लैस विशेष रेस्ट जोन भी बनाए जाएंगे.
हैदराबाद । डेस्क: कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने तेलंगाना के गिग वर्कर्स की सामाजिक सुरक्षा और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए कई महत्वपूर्ण उपायों की घोषणा की है. इसके तहत राज्य के प्रत्येक गिग वर्कर को 5 लाख रुपये का दुर्घटना बीमा और 10 लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा प्रदान किया जाएगा.
इसके अलावा, एक विशेष सामाजिक सुरक्षा योगदान तंत्र भी तैयार किया गया है, जिसके अंतर्गत डिलीवरी और कैब राइड सहित प्रत्येक ट्रांजेक्शन का 1 प्रतिशत हिस्सा श्रमिकों के भविष्य की सुरक्षा के लिए जमा किया जाएगा. यह राशि संबंधित कंपनियों से एकत्र कर गिग वर्कर्स बोर्ड के माध्यम से सीधे श्रमिकों के बैंक खातों में हस्तांतरित की जाएगी.
गिग वर्कर्स को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि तेलंगाना की कांग्रेस सरकार प्लेटफॉर्म-आधारित अर्थव्यवस्था से जुड़े श्रमिकों की सुरक्षा करने और उन्हें उनकी मेहनत का उचित लाभ दिलाने के अपने वादे को पूरा कर रही है. 21वीं सदी को डेटा का युग बताते हुए उन्होंने कहा कि गूगल, फेसबुक, व्हाट्सएप और उबर जैसी कंपनियां डेटा के आधार पर संचालित होती हैं, लेकिन गिग वर्कर्स को अब तक अपने ही काम से जुड़ी जानकारी देखने के अधिकार से वंचित रखा गया था.
प्रस्तावित कानून के तहत अब श्रमिक अपने मोबाइल फोन के माध्यम से अपने ट्रांजेक्शन, डिलीवरी, काम के घंटों और भुगतान का पूरा विवरण देख सकेंगे. उन्होंने कहा कि डेटा और मेहनत श्रमिकों की है, इसलिए उन्हें इसे देखने का पूरा हक मिलना चाहिए.
इसके साथ ही हैदराबाद और राज्य के अन्य शहरों में वाई-फाई सुविधा से लैस विशेष रेस्ट जोन बनाए जाएंगे, जहां डिलीवरी कर्मी और अन्य गिग वर्कर्स काम के दौरान अपने वाहन पार्क कर आराम कर सकेंगे.
राहुल गांधी ने कांग्रेस और भाजपा-आरएसएस की विचारधारा में अंतर स्पष्ट करते हुए आरोप लगाया कि भाजपा-आरएसएस गिग वर्कर्स को बंधुआ मजदूर बनाना चाहते हैं, ताकि बड़े कॉर्पोरेट घराने और प्लेटफॉर्म कंपनियां मुनाफा कमा सकें. इसके विपरीत कांग्रेस श्रमिकों को देश की अर्थव्यवस्था की नींव मानती है और उन्हें भागीदार बनाना चाहती है.
उन्होंने श्रमिकों को आश्वस्त किया कि तेलंगाना सरकार, मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी और पूरी कांग्रेस टीम उनके और उनके परिवारों की सुरक्षा के लिए साथ खड़ी है.
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने गिग वर्कर्स के अधिकारों की रक्षा के लिए कानून लाकर राहुल गांधी के वादे को पूरा किया है. उन्होंने 2023 में कन्याकुमारी से कश्मीर तक लगभग 4,000 किलोमीटर की भारत जोड़ो यात्रा को याद करते हुए कहा कि इस दौरान राहुल गांधी ने समाज के विभिन्न वर्गों की समस्याओं को समझा था.
मुख्यमंत्री ने कहा कि गांधी परिवार अपने वादों पर कायम रहता है और राहुल गांधी का हर शब्द उनके लिए एक निर्देश की तरह है. कार्यक्रम में श्रम मंत्री विवेक वेंकटस्वामी ने भी अपने विचार रखे. इस दौरान उपमुख्यमंत्री भट्टी विक्रमार्क, मंत्री पोन्नम प्रभाकर, कोमाटिरेड्डी वेंकट रेड्डी, पोंगुलेटी श्रीनिवास रेड्डी और टीपीसीसी अध्यक्ष महेश कुमार गौड़ भी उपस्थित रहे.