अहमदाबाद: दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट में शराब और हथियारों वाले गानों को रोकने की मांग
अहमदाबाद जिला बाल संरक्षण इकाई (DCPU) ने 21 नवंबर को नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होने वाले गायक दिलजीत दोसांझ के लाइव कॉन्सर्ट में शराब, नशीले पदार्थों और हथियारों का महिमामंडन करने वाले गानों, तेज आवाज और कारतूस बेल्ट के इस्तेमाल पर रोक लगाने के लिए पुलिस आयुक्त को पत्र लिखा है.
अहमदाबाद । डेस्क: अहमदाबाद जिला बाल संरक्षण इकाई (DCPU) ने आगामी 21 नवंबर को होने वाले गायक दिलजीत दोसांझ के लाइव कॉन्सर्ट में शराब, नशीले पदार्थों और हथियारों को बढ़ावा देने वाले गानों की प्रस्तुति रोकने के लिए अहमदाबाद पुलिस आयुक्त को पत्र लिखा है. यह कॉन्सर्ट उनके 'रुपे ऑरा इंडिया टूर' (RuPay Aura India Tour) का हिस्सा है, जो नरेंद्र मोदी स्टेडियम में आयोजित किया जाना है.
इससे पहले पिछले सप्ताह मध्य प्रदेश के अधिकारियों ने भी इन्हीं चिंताओं के चलते 15 नवंबर को इंदौर में होने वाले इस लोकप्रिय पंजाबी गायक के कॉन्सर्ट में चार गानों की प्रस्तुति पर रोक लगा दी थी.
पुलिस आयुक्त अनुपम सिंह गहलोत को 6 नवंबर को लिखे गए इस पत्र में कहा गया है कि गायक दिलजीत दोसांझ के लाइव कॉन्सर्ट के दौरान शराब, नशीले पदार्थों और हथियारों को बढ़ावा देने वाले गाने न गाने, बच्चों को मंच पर न बुलाने और कारतूस या गोली वाली बेल्ट (बैंडोलियर) न पहनने के संबंध में उचित कार्रवाई की जाए.
अहमदाबाद जिला बाल संरक्षण अधिकारी तन्विका परमार ने इस पत्र की पुष्टि की है, जिसमें चंडीगढ़ के डॉ. पंडितराव धरेनवर द्वारा कॉन्सर्ट को लेकर जताई गई चिंताओं का हवाला दिया गया है.
पत्र में विशेष रूप से 'पटियाला पेग', '5 तारा ठेके', 'जीभ विचो फीम लब्बिया' और 'जट्ट उत्थे फायर करदा जित्थे पाबंदी हथियारा दी' जैसे गानों का उल्लेख करते हुए कहा गया है कि ये शराब के सेवन, नशीले पदार्थों और हथियारों व हिंसा का महिमामंडन करते हैं.
पत्र के अनुसार, शब्दों को बदलकर या तोड़-मरोड़कर भी ऐसे गाने गाने से बच्चों और युवाओं के मन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है. इसके साथ ही बाल संरक्षण संस्था ने कॉन्सर्ट के दौरान 120 डेसिबल से अधिक के तेज ध्वनि स्तर और तेजी से बदलने वाली फ्लैशिंग व बीम लाइटों पर भी चिंता जताई है, जो छोटे बच्चों के स्वास्थ्य के लिए खतरा पैदा कर सकते हैं.
जिला बाल संरक्षण इकाई ने स्टेज कॉस्ट्यूम के हिस्से के रूप में कारतूस या बुलेट बेल्ट के उपयोग पर भी आपत्ति जताते हुए कहा कि ऐसे सामान विशेष रूप से बच्चों के बीच गन कल्चर और हिंसा को बढ़ावा दे सकते हैं.
पत्र में पंजाब और हरियाणा उच्च न्यायालय के 22 जुलाई 2019 के एक फैसले का भी हवाला दिया गया है, जो बच्चों पर नशा और हिंसा को बढ़ावा देने वाले गानों के दुष्प्रभाव से संबंधित था. तन्विका परमार ने इन चिंताओं को देखते हुए पुलिस आयुक्त से उचित कदम उठाने का आग्रह किया है, जिस पर एक अधिकारी ने कहा है कि पुलिस व्यापक जनहित को ध्यान में रखते हुए इस मामले में उचित निर्णय लेगी.