WHO: भारत ने TB से होने वाली मौतों में 38% की ऐतिहासिक गिरावट, वैश्विक औसत को पछाड़ा
भारत ने टीबी उन्मूलन की दिशा में बड़ी उपलब्धि हासिल की है. WHO की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, देश में टीबी मृत्यु दर में 38% की गिरावट दर्ज की गई है, जो 35% के वैश्विक आंकड़े से बेहतर है.
नई दिल्ली । डेस्क: विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) की ग्लोबल ट्यूबरकुलोसिस रिपोर्ट 2026 के अनुसार, भारत ने साल 2015 से अब तक टीबी से होने वाली मौतों में 38 प्रतिशत की बड़ी गिरावट दर्ज की है. यह आंकड़ा 35 प्रतिशत की वैश्विक गिरावट से भी बेहतर है.
गुरुवार को जारी इस रिपोर्ट में बताया गया है कि भारत ने दवा-संवेदनशील (ड्रग-ससेप्टिबल) टीबी के मरीजों के बीच 94 प्रतिशत की उपचार सफलता दर हासिल की है. स्वास्थ्य मंत्रालय के बयान के मुताबिक, देश में अनुमानित टीबी मृत्यु दर 2015 के प्रति लाख जनसंख्या पर 28 से घटकर 2025 में प्रति लाख 18 रह गई है.
WHO की इस रिपोर्ट में मृत्यु दर के आकलन को मजबूत करने के लिए भारत के महापंजीयक की नमूना पंजीकरण प्रणाली (RGI/SRS), समुदाय-आधारित मौखिक शव परीक्षण और नि-क्षय पोर्टल के आंकड़ों को शामिल किया गया है.
स्वास्थ्य मंत्रालय ने इस सफलता का श्रेय राष्ट्रीय टीबी उन्मूलन कार्यक्रम (NTEP) के तहत किए गए सघन प्रयासों को दिया है. इनमें एआई-सक्षम एक्स-रे के माध्यम से सक्रिय मामले खोजना, त्वरित जांच, समय पर इलाज शुरू करना और नि-क्षय पोषण योजना तथा नि-क्षय मित्र पहल के जरिए पोषण सहायता देना शामिल है.
इसके साथ ही संवेदनशील इलाकों की पहचान और उच्च जोखिम वाले मरीजों का पूर्वानुमान लगाने वाले एआई टूल्स, 'खुशी-एआई चैटबॉट' और 'अवतार वीडियोकॉट' ने भी इन प्रयासों को गति दी है.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 'जन भागीदारी' और 'जन आंदोलन' के रूप में विकसित हुए 'टीबी मुक्त भारत अभियान' ने समुदाय-आधारित जांच और आधुनिक चिकित्सा सेवाओं को वंचित वर्गों तक पहुंचाया है. भारत की प्रतिबद्धता इस बात से भी स्पष्ट होती है कि टीबी कार्यक्रम की 96 प्रतिशत वित्तीय जरूरतें घरेलू संसाधनों से पूरी की जा रही हैं.
7 दिसंबर 2024 से 8 नवंबर 2026 के बीच चलाए गए विशेष 100-दिवसीय अभियानों के तहत 25 करोड़ से अधिक लोगों की स्क्रीनिंग की गई और 11 करोड़ से ज्यादा चेस्ट एक्स-रे किए गए. इससे 48.64 लाख नए टीबी मामलों की पहचान हुई, जिनमें बिना लक्षण वाले 14.97 लाख मरीज भी शामिल हैं. इन प्रयासों के परिणामस्वरूप 2025 में 67,933 पंचायतों को टीबी-मुक्त घोषित किया गया.
जमीनी स्तर पर पंचायती राज संस्थाओं, शहरी निकायों, निजी स्वास्थ्य प्रदाताओं और कॉर्पोरेट भागीदारों के साथ-साथ युवाओं को जोड़ने के लिए ब्लॉक और वार्ड स्तर पर 'जोश टीमें' (JOSH Teams) गठित की जा रही हैं, जिनमें प्रथम श्रेणी के अधिकारियों के नेतृत्व में एनसीसी कैडेट्स और 'माय भारत' स्वयंसेवक शामिल हैं.
इसके अलावा, भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (ICMR-NIRT) द्वारा 2025 में किए गए राष्ट्रीय टीबी प्रसार सर्वेक्षण को WHO के साथ साझा किया गया है, जिस पर तकनीकी चर्चा के बाद भारत की अद्यतन कंट्री प्रोफाइल जारी की जाएगी.