जगदलपुर: बाल संरक्षण गृह से छोटी दिवाली पर 5 नाबालिग निर्माणाधीन भवन की ग्रिल तोड़कर फरार
छोटी दिवाली के दिन वृंदावन कॉलोनी स्थित शासकीय बाल संरक्षण गृह से पांच नाबालिग फरार हो गए. परिसर में चल रही दीपावली पूजा में स्टाफ और सुरक्षाकर्मियों की व्यस्तता के बीच नाबालिगों ने निर्माणाधीन भवन की खिड़की की लोहे की ग्रिल तोड़ी और भाग निकले. पुलिस संभावित ठिकानों पर उनकी तलाश कर रही है.
जगदलपुर । संवाददाता: जगदलपुर शहर के वृंदावन कॉलोनी स्थित शासकीय बाल संरक्षण गृह (संप्रेषण गृह) की सुरक्षा व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है, जहां से छोटी दिवाली के दिन 5 नाबालिग भाग निकलने में कामयाब रहे. इस संरक्षण गृह से नाबालिगों के फरार होने का यह कोई पहला मामला नहीं है, बल्कि इससे पहले भी यहां से इस तरह की घटनाएं सामने आती रही हैं.
ताजा घटना के बाद महिला एवं बाल विकास विभाग के साथ-साथ पुलिस प्रशासन में भी हड़कंप मचा हुआ है.
प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि नाबालिगों ने भागने के लिए परिसर के भीतर बन रहे नए भवन के रास्ते का इस्तेमाल किया.
दरअसल, छोटी दिवाली के अवसर पर परिसर में पूजा-पाठ और अनुष्ठान चल रहा था, जिसकी तैयारियों में स्टाफ, केयरटेकर और सुरक्षाकर्मी व्यस्त थे.
इसी व्यस्तता और निर्माण कार्य के चलते उस हिस्से में कमजोर हुई निगरानी का फायदा उठाते हुए पांचों नाबालिग निर्माणाधीन भवन की ओर पहुंच गए और वहां की खिड़की में लगी लोहे की ग्रिल तोड़कर बाहर निकल गए.
नाबालिगों के गायब होने की जानकारी उस समय हुई जब पूजा समाप्त होने के बाद उनकी गिनती की गई. गिनती में 5 नाबालिग कम पाए जाने पर प्रशासन हरकत में आया. फिलहाल, पुलिस ने शहर के बाहरी हिस्सों और अन्य संभावित ठिकानों पर सघन तलाश अभियान शुरू कर दिया है, हालांकि अब तक फरार हुए पांचों नाबालिगों का कोई सुराग नहीं लग पाया है.