यात्रियों के लिए जरूरी खबर: रात 11 से सुबह 5 बजे तक ट्रेनों के चार्जिंग पॉइंट में नहीं मिलेगी बिजली
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने सुरक्षा और सुविधा के मद्देनजर रात 11 से सुबह 5 बजे तक कोच के चार्जिंग पॉइंट में बिजली सप्लाई बंद रखने का निर्णय लिया है. यात्रियों से रात 11 बजे से पहले अपने डिवाइस चार्ज करने की अपील की गई है.
बिलासपुर । संवाददाता: यात्रियों की सुविधा और बिजली से चलने वाले उपकरणों के सुरक्षित उपयोग को ध्यान में रखते हुए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने एक महत्वपूर्ण व्यवस्था लागू की है. रेलवे प्रशासन द्वारा यात्रियों से अपील की गई है कि वे यात्रा के दौरान इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस के इस्तेमाल से जुड़े दिशा-निर्देशों का पालन करें और इस नई व्यवस्था में अपना सहयोग दें.
साथ ही यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे निर्धारित समय का ध्यान रखते हुए रात 11 बजे से पहले ही अपने मोबाइल फोन और अन्य उपकरण चार्ज कर लें.
दरअसल, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के इस फैसले के तहत अब ट्रेनों में सफर करने वाले यात्रियों को रात के समय मोबाइल चार्जिंग की सुविधा नहीं मिल पाएगी.
रेलवे ने ट्रेनों के कोच में लगे मोबाइल और दूसरे इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस के चार्जिंग पॉइंट रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक बंद रखने का निर्णय लिया है.
इस नई व्यवस्था के लागू होने से रात में कुल 6 घंटे तक चार्जिंग पॉइंट पर बिजली की सप्लाई पूरी तरह बंद रहेगी. इस निर्धारित अवधि के दौरान यात्री ट्रेन के कोच में अपने मोबाइल फोन, लैपटॉप या किसी भी दूसरे इलेक्ट्रॉनिक उपकरण को चार्ज नहीं कर सकेंगे.