रायगढ़: कार वाशिंग सेंटर में करंट लगने से 23 वर्षीय युवक शंकर चक्रधारी की मौत
रायगढ़ के इंदिरा नगर में गुरुवार को रोज की तरह गाड़ियों की धुलाई कर रहे 23 वर्षीय शंकर चक्रधारी की करंट लगने से जान चली गई. सड़क से गुजरते वाहन से बचने के दौरान पानी और बिजली के तार के संपर्क में आने से यह दर्दनाक हादसा हुआ.
रायगढ़ । संवाददाता: रायगढ़ के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत इंदिरा नगर में गुरुवार को एक 23 वर्षीय युवक की जान चली गई. मृतक की पहचान इंदिरा नगर निवासी शंकर चक्रधारी के रूप में हुई है, जो इलाके में खुद का कार वाशिंग सेंटर चलाता था.
घटना के बाद आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक करंट की चपेट में आने से शंकर की मौत हो चुकी थी.
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, गुरुवार को शंकर रोज की तरह अपने सेंटर पर गाड़ियों की धुलाई का काम कर रहा था.
इसी दौरान सड़क से एक गाड़ी गुजरी, जिसकी चपेट में आने से बचने के लिए वह अचानक पीछे की ओर हटा.
दुर्भाग्यवश, वहां टुल्लू पंप के पास बिजली के तार बिछे हुए थे. धुलाई के पानी का संपर्क इन बिजली के तारों से होने के कारण पूरे हिस्से में करंट फैल गया और पीछे हटते ही शंकर इसकी चपेट में आ गया, जिससे मौके पर ही उसने दम तोड़ दिया.