सोम, 19 अक्टू. 2026

CGKhabar

CRPF SI देवानंद यादव ने सर्विस वेपन से खुद को मारी गोली

C

CG Khabar

14 अक्टू. 2026, 02:20 PM 2 मिनट में पढ़ें 54

देवानंद यादव
देवानंद यादव

बीजापुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले के सुकमा जिले की सीमा से सटे जंगल में स्थित मेट्टागुड़म सीआरपीएफ कैंप में तैनात सब-इंस्पेक्टर देवानंद यादव ने अपनी सर्विस पिस्टल से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली. घटना मंगलवार की है, जिसके बाद सुरक्षा बलों और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया.


मिली जानकारी के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के करजहा गांव के रहने वाले देवानंद यादव सीआरपीएफ की 131वीं बटालियन में तैनात थे. मंगलवार को कैंप में अचानक गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास मौजूद साथी जवान तुरंत उनके पास पहुंचे. 

विज्ञापन


जवानों ने देवानंद को आनन-फानन में प्राथमिक उपचार दिया और फिर फील्ड एम्बुलेंस की मदद से पड़ोसी सुकमा जिले के एलमागुडा कैंप भेजा, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया.


पुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम कर लिया है और आत्महत्या के पीछे की वजहों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच शुरू कर दी है. पुलिस के अनुसार, देवानंद यादव ने यह आत्मघाती कदम किस वजह से उठाया, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है. शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद मंगलवार को उनके पार्थिव शरीर को उनके पैतृक गांव भेज दिया गया है.


दक्षिण बस्तर का यह क्षेत्र नक्सल विरोधी अभियानों के लिए जाना जाता है, जहां सीआरपीएफ के जवान मुस्तैदी से तैनात हैं. 


सुरक्षा बलों के आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, बस्तर क्षेत्र में बीते आठ वर्षों में लगभग 200 पुलिस और अर्धसैनिक बलों के जवानों ने आत्महत्या जैसी दुखद घटनाओं में अपनी जान गंवाई है. 


इन मामलों के पीछे अमूमन पारिवारिक व व्यक्तिगत समस्याएं, अत्यधिक तनाव, शराब की लत और स्वास्थ्य से जुड़ी परेशानियां मुख्य कारण बनकर सामने आई हैं. हाल ही में बीजापुर, कांकेर और कोंडागांव जिलों में भी जवानों द्वारा आत्महत्या के मामले दर्ज किए गए थे.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP