बस्तर में बढ़ रहे महिला अपराध से जुड़े मामले
छत्तीसगढ़ के बस्तर में महिलाओं के साथ होने वाले अपराधों में बढ़ोतरी
जगदलपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ में महिलाओं के साथ घटित होने वाले आपराधिक मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं. खासकर यौन उत्पीड़न के मामले कम होने का नाम नहीं ले रहे हैं. बस्तर जिले में पिछले 4 सालों में बलात्कार व छेड़छाड़ के मामलों में काफी इज़ाफ़ा हुआ है.
हालांकि पुलिस अधिकांश मामलों में आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा कर रही है, लेकिन बस्तर में भी महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं.
बस्तर पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक बीते 5 सालों में बस्तर जिले में 561 बलात्कार के मामले सामने आए हैं. 31 दिसम्बर 2024 तक बलात्कार के मामलों में बढ़ोतरी दर्ज की गई है.
इसके अलावा शीलभंग के 126 मामले सामने आए हैं, जबकि साल 2024 में इससे जुड़े 34 मामले सामने आए हैं.
वहीं अपहरण के मामले भी जिले में बढ़े हैं. साल 2024 में 31 दिसम्बर तक 74 अपहरण के मामले दर्ज हुए हैं, जबकि बीते 5 सालों में 222 अपहरण के मामले दर्ज हुए हैं.
वहीं यौन उत्पीड़न के 49 मामले दर्ज हैं. जिसमें से साल 2024 में 9 मामले दर्ज हुए हैं. बीते 5 सालों में दहेज प्रताड़ना के 57 और हत्या के 40 मामले दर्ज हुए है.ग्रामीण क्षेत्रों में भी बढ़ रहे बलात्कार के मामले
बस्तर एसपी शलभ कुमार सिन्हा का कहना है कि इनमें से अधिकांश मामलों में आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, लेकिन साल 2024 में बलात्कार के मामलों में इज़ाफ़ा हुआ है.
ऐसे में महिलाओं की सुरक्षा के लिए बस्तर पुलिस विशेष रूप से काम कर रही है. राज्य सरकार की घोषणा के बाद बस्तर जिले में भी महिला प्रकोष्ठ थाना खोला गया है. बस्तर पुलिस का प्रयास रहा है कि महिला अपराध के मामलों में कमी आ सके.
एसपी सिन्हा कहते हैं कि महिलाओं की सुरक्षा को बस्तर पुलिस प्राथमिकता से ले रही है.