सोम, 19 अक्टू. 2026

CGKhabar

छत्तीसगढ़ में तीन दिन बरसेंगे बादल, अलर्ट जारी

H

Hupendra Sharma

01 सित. 2025, 08:03 AM 3 मिनट में पढ़ें 2

बारिश
बारिश

रायपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ में सोमवार से अगले तीन दिनों तक भारी बारिश हो सकती है. इसके लिए मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है. इस दौरान प्रदेश के कई स्थानों पर मध्यम से भारी बारिश के साथ गरज-चमक और वज्रपात की आशंका जताई है.


सोमवार यानी आज राज्य के पांच जिलों बस्तर, नरायणपुर, बीजापुर, दंतेवाड़ा और सुकमा में भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है. बाकी जिलों में आज गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है. 

विज्ञापन


मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक वर्तमान में तीन प्रमुख सिस्टम सक्रिय हैं. मानसून द्रोणिका बीकानेर, अजमेर, गुना, दमोह, रायपुर होते हुए बंगाल की खाड़ी तक सक्रिय है.


वहीं ऊपरी हवा का चक्रवातीय परिसंचरण उत्तर ओडिशा तक एक्टिव है. इसी के साथ एक नया निम्न दबाव का क्षेत्र 2 सितंबर को बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पश्चिम हिस्से में बनने की संभावना है.


इसके प्रभाव से 1 सितंबर को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होगी. वहीं अगले दो दिनों में कई स्थानों पर भारी वर्षा और वज्रपात होने की संभावना है. 


पिछले 24 घंटों के दौरान पूरे छत्तीसगढ़ में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हुई. रायपुर जिले के गोबरा नवापारा में सबसे अधिक 52.2 मिमी वर्षा दर्ज की गई.


इसी तरह पुसौर, भैयाथान और चंद्रपुर में 4 सेमी पानी गिरा है. जबकि रामानुजगंज, खरोरा, रामचंद्रपुर, डभरा और नेरहरपुर में 3 सेमी वर्षा हुई.


इसके अलावा कई स्थानों पर 1 से 2 सेमी तक की बारिश दर्ज की गई. वहीं सबसे अधिक तापमान दुर्ग जिले का रहा. यहां अधिकतम तापमान 33.8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया है.


जबकि सबसे कम तापमान पेण्ड्रा रोड में 22 डिग्री सेल्सियस रहा. राजधानी रायपुर का अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.


बलरामपुर में अधिक तो बेमेतरा में कम

छत्तीसगढ़ में 1 जून से 31 अगस्त तक 881.4 मिमी. पानी गिर चुका है. जिसमें बलरामपुर जिले में सबसे अधिक 1273.7 मिमी. वर्षा रिकार्ड की गई है. जबकि बेमेतरा जिले में सबसे कम 430.9 मिमी. बारिश हुई है. 


 इसी प्रकार रायपुर संभाग के रायपुर जिले में 753.4 मिमी., बलौदाबाजार में 618.8 मिमी., गरियाबंद में 739.1 मिमी., महासमुंद में 647.5 मिमी. और धमतरी में 784.4 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है.


बिलासपुर संभाग में बिलासपुर जिले में 839.3 मिमी., मुंगेली में 824.7 मिमी., रायगढ़ में 1050.2 मिमी., सारंगढ़-बिलाईगढ़ में 713.8 मिमी., जांजगीर-चांपा में 1034.9 मिमी., सक्ती में 913.2 मिमी., कोरबा में 848.4 मिमी. और गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही 847.3 मिमी. औसत वर्षा दर्ज हुई है.


दुर्ग संभाग में दुर्ग जिले में 713.5 मिमी., कबीरधाम में 623.8 मिमी., राजनांदगांव में 787.7 मिमी., मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी में 1129.2 मिमी., खैरागढ़-छुईखदान-गंडई में 657.2 मिमी. और बालोद में 952.6 मिमी. बारिश हुई है. 


इसी तरह सरगुजा संभाग में सरगुजा जिले में 629.6 मिमी., सूरजपुर में 960.2 मिमी., जशपुर में 868.0 मिमी., कोरिया में 982.6 मिमी. और मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में 881.2 मिमी. औसत वर्षा हुई है.


बस्तर संभाग में बस्तर जिले में 1259.6 मिमी., कोंडागांव में 829.1 मिमी., कांकेर में 1035.3 मिमी., नारायणपुर में 1123.0 मिमी., दंतेवाड़ा में 1197.4 मिमी., सुकमा में 955.7 मिमी. और बीजापुर में 1180.9 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP