सिनेमा की सबसे बड़ी जासूसी विरासत अब रॉबर्ट पैटिंसन के कंधों पर, बनेंगे अगले जेम्स बॉन्ड
रॉबर्ट पैटिंसन पर्दे पर अगले जेम्स बॉन्ड के रूप में नजर आएंगे. डेनियल क्रेग की जगह लेने वाले पैटिंसन इस आइकॉनिक ब्रिटिश सीक्रेट एजेंट का किरदार निभाने वाले सातवें अभिनेता बन गए हैं.
मुंबई । डेस्क: हॉलीवुड अभिनेता रॉबर्ट पैटिंसन को आधिकारिक तौर पर नया जेम्स बॉन्ड घोषित कर दिया गया है. इसके साथ ही वे इस प्रतिष्ठित ब्रिटिश सीक्रेट एजेंट की भूमिका निभाने वाले सातवें अभिनेता बन गए हैं. अमेजन एमजीएम स्टूडियोज ने सोमवार को बॉन्ड के सिग्नेचर टक्सीडो में पैटिंसन की एक तस्वीर जारी की, जिससे इस बात की पुष्टि हो गई कि डेनियल क्रेग की जगह कौन लेगा. इंस्टाग्राम पर साझा किए गए एक बयान में लिखा गया, "पहचान की पुष्टि हो गई है."
इस बड़ी घोषणा के बाद पैटिंसन ने स्टूडियो के प्रति अपना आभार व्यक्त किया और एक बयान में इस भूमिका को "सपना सच होने जैसा" बताया. उन्होंने कहा, "जेम्स बॉन्ड सिनेमा के सबसे दिग्गज किरदारों में से एक है, और 007 की जिम्मेदारी सौंपा जाना जीवन भर का सम्मान है." 
पैटिंसन को 'ट्वाइलाइट' सीरीज में एडवर्ड कुलेन का किरदार निभाकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली थी. इसके बाद उन्होंने कई स्वतंत्र और अलग तरह की भूमिकाएं निभाईं, जिनमें हाल ही में लैंस ओपेनहाइम की 'प्राइमटाइम' शामिल है, जिसमें उन्होंने रियलिटी टेलीविजन सीरीज 'टू कैच ए प्रीडेटर' के क्रिस हैनसेन का किरदार निभाया.
इसके अलावा पैटिंसन क्रिस्टोफर नोलन की फिल्म 'द ओडिसी' में हॉलीवुड सुपरस्टार मैट डेमन और ऐनी हैथवे के साथ, तथा मैट रीव्स की 'द बैटमैन' में भी नजर आ चुके हैं. सह-कलाकार जेंडाया के साथ उनकी फिल्म 'द ड्रामा' भी इसी साल रिलीज हुई है.
फ्रेंचाइजी की मूल कंपनी एमजीएम के अधिग्रहण के बाद अब अमेजन ने इसका क्रिएटिव नियंत्रण अपने हाथ में ले लिया है. रिपोर्टों के अनुसार, पैटिंसन ने तीन बॉन्ड फिल्में करने के समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं.