अमिताभ बच्चन के घर पर फायरिंग की बड़ी साजिश नाकाम, फिराक में थे दो शूटर
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने विदेश में बैठे गैंगस्टर के इशारे पर अमिताभ बच्चन के मुंबई स्थित घर के बाहर फायरिंग करने और दिल्ली के एक कारोबारी को निशाना बनाने की साजिश को नाकाम करते हुए दो शूटरों को गिरफ्तार किया है.
नई दिल्ली । डेस्क: दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता अमिताभ बच्चन के मुंबई स्थित आवास पर हमले की एक बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया है. पुलिस ने इस मामले में विदेश में बैठे एक गैंगस्टर से जुड़े दो संदिग्ध शार्पशूटरों को गिरफ्तार किया है. जांच में सामने आया है कि 1984 के सिख विरोधी दंगों को लेकर अभिनेता की कथित टिप्पणियों के चलते गैंग उन्हें निशाना बनाना चाहता था, हालांकि अमिताभ बच्चन इन आरोपों को सिरे से नकारते हुए कह चुके हैं कि उन्होंने कभी ऐसे बयान नहीं दिए.
स्पेशल सेल की टीम ने खुफिया जानकारी के आधार पर दिल्ली और मुंबई में अलग-अलग अभियान चलाकर दोनों आरोपियों को दबोचा. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पंजाब के जालंधर निवासी 25 वर्षीय विकास ठाकुर उर्फ विक्की और तरनतारन निवासी दीपक सिंह उर्फ दीप के रूप में हुई है.
पुलिस की इस कार्रवाई से न केवल अमिताभ बच्चन के घर के बाहर फायरिंग की योजना विफल हुई, बल्कि दिल्ली के एक कारोबारी पर रंगदारी के लिए होने वाला हमला भी टल गया.
स्पेशल सेल के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) नारा चैतन्य ने बताया कि विकास विदेश में बैठे गैंगस्टर के निर्देश पर मुंबई से दिल्ली आया था, ताकि एक कारोबारी को निशाना बनाकर रंगदारी से जुड़ी फायरिंग की वारदात को अंजाम दे सके. इस हमले में दीप भी बाद में उसके साथ शामिल होने वाला था, लेकिन पुलिस ने हमला होने से पहले ही विकास को पकड़ लिया.
विकास की गिरफ्तारी के बाद मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने दीप को मुंबई से ट्रेस कर गिरफ्तार किया.
पुलिस सूत्रों के अनुसार, पूछताछ के दौरान यह खुलासा हुआ कि विदेश में बैठे आकाओं ने दीपक सिंह को मुंबई में अपना प्रवास बढ़ाने का निर्देश दिया था, ताकि वह अमिताभ बच्चन के घर के बाहर फायरिंग की योजना को अंजाम दे सके. फिलहाल अमिताभ बच्चन की ओर से इन ताजा रिपोर्ट्स पर कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है.
जांच में यह भी सामने आया है कि दीपक सिंह 3 अक्टूबर को अमृतसर में इंस्टाग्राम इन्फ्लुएंसर मैड संधू की हत्या के मामले में वांछित था और वारदात के बाद से मुंबई में छिपा हुआ था. दीप पर अपने सहयोगी पलविंदर उर्फ काका के साथ मिलकर मैड संधू पर हमला करने का आरोप है, जिसे पंजाब पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है.
पुलिस के मुताबिक, आरोपी विकास पहले झपटमारी और अवैध सट्टेबाजी जैसी आपराधिक गतिविधियों में शामिल था, जिसके बाद वह संगठित अपराध की दुनिया में आ गया. उसने 2023 में गैंगस्टर अनमोल बिश्नोई को अवैध हथियार सप्लाई करने शुरू किए और बाद में अनिल पंडित व रणदीप मलिक जैसे अन्य गैंगस्टरों के साथ मिलकर हथियार जुटाने, नए सदस्यों की भर्ती करने और रंगदारी के लिए रेकी करने लगा.
वहीं, पहले ट्रक हेल्पर और ड्राइवर के रूप में काम करने वाला दीप स्थानीय गैंग के सदस्यों के संपर्क में आकर संगठित अपराध में शामिल हुआ था. स्पेशल सेल पुलिस स्टेशन में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है.