जांजगीर: शराब तस्कर से 1.5 लाख रुपये लेकर छोड़ने के आरोप में ट्रेनी SI समेत 6 पुलिसकर्मी निलंबित
जांजगीर-चांपा के सारागांव थाने में आबकारी एक्ट के आरोपी से डेढ़ लाख रुपये का लेन-देन कर उसे छोड़ने के मामले में एसपी ने कड़ा रुख अपनाते हुए ट्रेनी सब इंस्पेक्टर समेत 6 पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया है. सीएसपी योगिताबाली खापर्डे को इस पूरे प्रकरण की जांच सौंपी गई है.
जांजगीर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के सारागांव थाने में पदस्थ पुलिसकर्मियों पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगने के बाद पुलिस अधीक्षक (एसपी) विजय कुमार पांडेय ने कड़ा एक्शन लिया है. विभाग में अवैध लेन-देन और भ्रष्टाचार को कतई बर्दाश्त न करने की बात कहते हुए एसपी ने ट्रेनी सब इंस्पेक्टर पुष्पेन्द्र साहू समेत कुल 6 पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है.
एसपी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि यदि जांच में भ्रष्टाचार की पुष्टि होती है, तो दोषियों के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
इस पूरे घटनाक्रम की शुरुआत 4 नवंबर 2026 को हुई थी, जब सारागांव थाने में आबकारी एक्ट की धारा 36(च) के तहत एक प्रकरण दर्ज कर गोपाल गोंड़ नामक व्यक्ति को आरोपी बनाया गया था. आरोप है कि थाने में तैनात ट्रेनी सब इंस्पेक्टर पुष्पेन्द्र साहू और अन्य 5 पुलिसकर्मियों ने आरोपी गोपाल गोंड़ को छोड़ने के एवज में 1.5 लाख रुपये की रकम वसूली और पैसे लेने के बाद उसे रिहा कर दिया.
11 नवंबर को जब यह मामला पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के संज्ञान में आया, तो एसपी विजय कुमार पांडेय ने इसकी प्रारंभिक जांच कराई, जिसमें पुलिसकर्मियों और आरोपी के बीच पैसों के लेन-देन की बात सामने आई.
प्रारंभिक जांच में आरोपों की पुष्टि होने के बाद एसपी ने मामले की विस्तृत और निष्पक्ष जांच का जिम्मा नगर पुलिस अधीक्षक (सीएसपी) जांजगीर योगिताबाली खापर्डे को सौंपा है.
सीएसपी की इस जांच में अब आरोपी गोपाल गोंड़ से कथित लेन-देन के संबंध में पूछताछ की जाएगी, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि इस पूरे खेल में किस पुलिसकर्मी की क्या भूमिका थी और कौन-कौन इसमें शामिल रहा है. इसके साथ ही, यदि इस सौदेबाजी में किसी तीसरे व्यक्ति की मध्यस्थता सामने आती है, तो उसके भी बयान दर्ज किए जाएंगे.
जांच के दायरे में संबंधित दस्तावेजों और अन्य सबूतों की बारीकी से पड़ताल करने के साथ-साथ इस खबर को प्रकाशित करने वाले मीडियाकर्मी से भी पूछताछ की जाएगी. सीएसपी को निर्देशित किया गया है कि वे संबंधित मीडियाकर्मी का बयान दर्ज कर खबर में दी गई जानकारी और उसके स्रोत के बारे में जानकारी जुटाएं, ताकि पूरे मामले की पारदर्शी तरीके से तह तक पहुंचा जा सके.