मंगल, 17 नव. 2026

CGKhabar

कोरबा: कुकरीचोली ग्रामसभा में कार्बन फैक्टरी का प्रस्ताव खारिज, नहीं मिली NOC

प्रदूषण, स्वास्थ्य और खेती पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों को लेकर कोरबा के कुकरीचोली गांव के लोग एकजुट हो गए हैं. विशेष ग्रामसभा में ग्रामीणों ने प्रस्तावित कार्बन फैक्टरी को एनओसी देने का प्रस्ताव खारिज करते हुए जबरन स्थापना पर आंदोलन की चेतावनी दी है.

C

CG Khabar

17 नव. 2026, 06:42 PM 2 मिनट में पढ़ें 38

कोरबा-कुकरीचोली ग्रआमसभा ने कॉर्बन फ्रैक्टी के लिये NOC देने से इंकार किया.
कोरबा-कुकरीचोली ग्रआमसभा ने कॉर्बन फ्रैक्टी के लिये NOC देने से इंकार किया.

कोरबा । संवाददाता: कोरबा जिले की कुकरीचोली ग्राम पंचायत में ग्रामीणों ने एकजुट होकर प्रस्तावित कार्बन फैक्टरी लगाने के प्रयासों पर विराम लगा दिया है. 16 नवंबर को पंचायत में आयोजित एक विशेष ग्रामसभा के दौरान स्थानीय निवासियों ने न केवल इस परियोजना का पुरजोर विरोध किया, बल्कि सर्वसम्मति से अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) देने से भी साफ इनकार कर दिया. ग्रामीणों के कड़े रुख को भांपते हुए ग्रामसभा ने इस प्रस्ताव को औपचारिक रूप से खारिज कर दिया और इस महत्वपूर्ण निर्णय को पंचायत की कार्यवाही पंजी में दर्ज कर लिया. 

सभा में मौजूद सभी लोगों ने हस्ताक्षर करके अपनी असहमति जताई, जिसे स्थायी रिकॉर्ड के रूप में सुरक्षित रखा गया है. इसके साथ ही गांव वालों ने सख्त लहजे में चेतावनी दी है कि यदि जबरन उद्योग स्थापित करने की कोशिश की गई, तो वे उग्र आंदोलन का रास्ता अपनाएंगे और जिलाधिकारी कार्यालय का घेराव करने से भी पीछे नहीं हटेंगे.

दरअसल, इस विशेष ग्रामसभा का मुख्य उद्देश्य प्रस्तावित कार्बन फैक्टरी के लिए ग्रामीणों की सहमति जुटाना और आवश्यक एनओसी जारी करना था. बैठक में पंचायत के जिम्मेदार पदाधिकारियों के साथ-साथ फैक्टरी प्रबंधन से जुड़े प्रतिनिधि भी उपस्थित थे. लेकिन, जैसे ही ग्रामसभा के समक्ष एनओसी प्रदान करने का प्रस्ताव रखा गया, वहां मौजूद बुजुर्ग, महिलाएं और युवा एक स्वर में इसके खिलाफ खड़े हो गए. 

ग्रामीणों ने स्पष्ट कर दिया कि वे विकास के नाम पर अपने गांव के प्राकृतिक पर्यावरण, कृषि और जनस्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं करेंगे.

चर्चा के दौरान ग्रामीणों ने इलाके में पहले से संचालित उद्योगों से हो रही परेशानियों को प्रमुखता से उठाया. उनका कहना है कि क्षेत्र में मौजूद मौजूदा कारखानों से फैल रहे प्रदूषण के कारण स्थानीय लोग पहले से ही काफी त्रस्त हैं. ग्रामीणों को आशंका है कि नई कार्बन फैक्टरी शुरू होने से हवा और पानी में प्रदूषण का स्तर खतरनाक रूप से बढ़ जाएगा. 

उन्होंने चिंता जताई कि फैक्टरी से निकलने वाले काले धुएं, धूल और राखड़ से सांस संबंधी गंभीर बीमारियां फैलने का खतरा है, जिसका सीधा और प्रतिकूल असर उनकी खेती-किसानी, फसलों की पैदावार और पशुधन पर पड़ेगा. इन्हीं गंभीर खतरों को देखते हुए ग्रामीणों ने फैक्टरी को अनुमति देने से पूरी तरह मना कर दिया.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP