मंगल, 17 नव. 2026

CGKhabar

कोरबा: SECL की वादाखिलाफी से भड़के जनप्रतिनिध, दीपका की ओबी खनन बंद कराया

नए पंचायत भवन और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में बिजली, पानी, शौचालय और सौर ऊर्जा जैसी सुविधाएं नहीं मिलने से नाराज हरदी बाजार के पंचायत प्रतिनिधियों ने मंगलवार को एसईसीएल दीपका प्रबंधन के खिलाफ खनन कार्य ठप कर विरोध प्रदर्शन किया.

C

CG Khabar

17 नव. 2026, 07:18 PM 2 मिनट में पढ़ें 29

कोरबा हरदी बाजार के जनप्रतिनिधियों ने दीपिका ओबी खनन कार्य बंद कराया
कोरबा हरदी बाजार के जनप्रतिनिधियों ने दीपिका ओबी खनन कार्य बंद कराया

कोरबा । संवाददाता: कोरबा जिले के अंतर्गत आने वाले हरदी बाजार ग्राम पंचायत के जनप्रतिनिधियों ने मंगलवार सुबह एसईसीएल दीपका प्रबंधन की वादाखिलाफी के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए बड़ा विरोध प्रदर्शन किया. नाराज प्रतिनिधियों ने सुबह 10 बजे दीपका खदान में चल रहे ओबी मिट्टी खनन के कार्य को पूरी तरह से ठप कर दिया. सरपंच लोकेश्वर कंवर, उपसरपंच रेखा जायसवाल और पंच प्रियंका जायसवाल की अगुवाई में तमाम पंचों ने इस आंदोलन को अंजाम दिया और दो टूक शब्दों में चेतावनी दी कि जब तक किए गए वादों के अनुरूप सभी सुविधाएं धरातल पर नहीं उतरतीं, तब तक यह विरोध जारी रहेगा.

इस पूरे विवाद की मुख्य वजह नए भवनों में बुनियादी सुविधाओं का घोर अभाव है. दरअसल, एसईसीएल दीपका प्रबंधन ने हरदी बाजार के नवनिर्मित पंचायत भवन और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को तमाम आधुनिक और जरूरी सुविधाओं से लैस करने का भरोसा दिलाया था. इसमें बिजली, पानी, शौचालय और सौर ऊर्जा जैसी व्यवस्थाएं शामिल थीं. हालांकि, भवनों के हस्तांतरण के बाद भी ये सुविधाएं नदारद हैं. 

पंचायत प्रतिनिधियों का कहना है कि नए पंचायत भवन में ग्रामसभा आयोजित करने के लिए न तो पर्याप्त इंतजाम हैं और न ही ग्रामीणों के बैठने की उचित व्यवस्था है. महिलाओं के लिए पृथक शौचालय का भी अभाव है, वहीं बिजली कटौती की स्थिति में इन्वर्टर या सौर ऊर्जा जैसा कोई विकल्प नहीं लगाया गया है, जिससे दैनंदिन कामकाज प्रभावित हो रहे हैं. 

इसी तरह, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के नए भवन में भी पानी, शौचालय और सौर ऊर्जा न होने के कारण इलाज के लिए पहुंचने वाले मरीजों और ग्रामीणों को भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है.

ग्रामीणों की समस्याओं को उठाते हुए जनप्रतिनिधियों ने संपूर्ण गांव में पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने और बस्ती के पुराने तालाब में पानी भरवाने की प्रमुख मांग भी प्रबंधन के समक्ष रखी है. 

आंदोलन के दौरान सरपंच ने एसईसीएल प्रबंधन के साथ-साथ एसडीएम पाली, तहसीलदार और सीईओ पाली की कार्यप्रणाली पर भी गहरा असंतोष जाहिर किया. उन्होंने सीधा आरोप लगाया कि प्रशासन और प्रबंधन द्वारा बार-बार केवल कोरे आश्वासन देकर ग्रामीणों के साथ छलावा किया जा रहा है.

मंगलवार को हुए इस एकजुट प्रदर्शन में बड़ी संख्या में पंचायत प्रतिनिधियों ने अपनी सक्रिय भागीदारी निभाई. विरोध दर्ज कराने वालों में इंद्र भूषण सिंह, राजेंद्र जगत, मनमोहन खांडे, भानु प्रताप सिंह कंवर, नंदनी राठौर, नेहा लहरे, ममता ओग्रे, श्याम रात्रे, हिमांशु जायसवाल और चैन सिंह सहित अन्य कई पंच शामिल रहे, जिन्होंने एक स्वर में अपनी मांगों को बुलंद किया.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP