दुर्ग: हर महीने मुनाफे का सब्जबाग दिखाकर 31 लाख की ठगी
दुर्ग जिले में शेयर बाजार, सोना और विदेशी मुद्रा में निवेश कर हर महीने निश्चित मुनाफा दिलाने के नाम पर 31 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है. मोहन नगर पुलिस ने एक अन्य मामले में पहले से जेल में बंद आरोपी योगेश साहू के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
दुर्ग । संवाददाता: दुर्ग जिले के मोहन नगर थाना क्षेत्र में एक ऐसा शातिर ठग पुलिस के शिकंजे में फंस गया है, जो पहले से ही धोखाधड़ी के एक अन्य मामले में जेल की सलाखों के पीछे बंद है. पुलिस ने मोबाइल नंबर के धारक आरोपी योगेश साहू के खिलाफ धारा 318(4) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है. पीड़ित आकाश रंगारी ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके आधार पर यह पुलिस कार्रवाई की गई है. आरोपी का पुराना आपराधिक इतिहास भी रहा है और उसके खिलाफ पूर्व में भी ठगी का मामला दर्ज है.
इस पूरी धोखाधड़ी की शुरुआत 13 दिसंबर 2023 को हुई थी, जब आकाश रंगारी के मोबाइल पर योगेश साहू का फोन आया. फोन पर आरोपी ने खुद को शेयर बाजार का बड़ा जानकार और चार्टर्ड अकाउंटेंट बताया. उसने दावा किया कि वह पिछले पांच साल से ट्रेडिंग कर रहा है और विदेशी मुद्रा तथा सोने में कारोबार के जरिए दूसरों को निवेश कराकर अच्छा लाभ दिलाता है.
आरोपी ने आकाश को निवेश की गई रकम पर हर महीने निश्चित मुनाफे का हिस्सा सीधे बैंक खाते में देने का भरोसा दिलाया था.
आरोपी की बातों पर भरोसा कर पीड़ित आकाश रंगारी ने अलग-अलग किस्तों में कुल 31 लाख रुपये उसके बताए विभिन्न बैंक खातों में जमा करा दिए. यह पूरी राशि आकाश ने अपने बैंक खाते से आईएमपीएस, एनईएफटी, आरटीजीएस और यूपीआई के माध्यम से आईडीएफसी फर्स्ट बैंक तथा एचडीएफसी बैंक के तीन अलग-अलग खातों में ट्रांसफर की थी.
हालांकि, कुछ समय बीतने के बाद जब पीड़ित को अपने साथ ठगी होने की आशंका हुई, तो उसने आरोपी से अपनी रकम वापस मांगनी शुरू की. पैसे लौटाने के नाम पर आरोपी लगातार टालमटोल करता रहा और कई तारीखें देने के बावजूद रकम नहीं लौटाई, जिसके बाद परेशान होकर पीड़ित ने पुलिस की शरण ली.