अकलतरा: ससुराल से बहन के घर निकले युवक की मौत, नाले में बाइक समेत मिला शव
जांजगीर-चांपा जिले के ग्राम बनारी के नाले में बाइक समेत एक युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया. मृतक अकलतरा का निवासी था, जो अपने ससुराल से दीदी के घर जाने के लिए निकला था.
जांजगीर । संवाददाता: अकलतरा निवासी 28 वर्षीय प्रवीण मारचे 16 नवंबर को अपने ससुराल ग्राम पुटपुरा गए थे और उसी दिन शाम करीब साढ़े छह बजे वे नैला में रहने वाली अपनी दीदी के घर जाने के लिए मोटरसाइकिल से निकले थे. रास्ते में ग्राम बनारी स्थित पुल के पास उनकी बाइक अनियंत्रित होकर रेलिंग से टकरा गई, जिससे वे मोटरसाइकिल समेत सीधे नीचे नाले में जा गिरे.
सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण मौके पर ही उनकी मौत होने की आशंका जताई जा रही है.
ग्राम बनारी के नाले में युवक का शव और पास ही पड़ी मोटरसाइकिल को देखकर इलाके में सनसनी फैल गई. गांव के सरपंच ने नाले में एक युवक के मृत पड़े होने की सूचना तत्काल सिटी कोतवाली पुलिस को दी.
जानकारी मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच के दौरान मृतक की शिनाख्त अकलतरा निवासी प्रवीण मारचे के रूप में की गई. पुलिस ने तुरंत घटना की खबर प्रवीण के परिजनों को दी.
पुलिस ने मंगलवार को शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा, जहां आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद अंतिम संस्कार हेतु शव परिजनों को सौंप दिया गया.
प्रारंभिक जांच में इसे तेज रफ्तार या अनियंत्रित होकर रेलिंग से टकराने का हादसा माना जा रहा है. फिलहाल सिटी कोतवाली पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट व जांच के तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.