छत्तीसगढ़ी अभिनेता और भाजपा नेता राजेश अवस्थी का निधन
छत्तीसगढ़ में छालीवुड अभिनेता राकेश अवस्थी का निधन
रायपुर| संवाददाताः छालीवुड अभिनेता और भाजपा नेता राजेश अवस्थी का हार्ट अटैक से निधन हो गया.
रविवार देर रात को अचानक सीने में दर्द होने पर उन्हें अस्पताल ले जाया गया था, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
राजेश अवस्थी के निधन की सूचना मिलते ही छत्तीसगढ़ी फिल्म इंडस्ट्री और उनके चाहने वालों में शोक की लहर है. बीजेपी नेताओं ने भी उनकी मृत्यु पर शोक जताया है.
जानकारी के मुताबिक राजेश अवस्थी रविवार को गरियाबंद में नगरीय निकाय चुनाव के प्रचार के लिए गए थे.
उसी दौरान रात 11 बजे अचानक उनके सीने में दर्द उठा. तत्काल उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया. जहां लगभग 11.30 बजे अवस्थी ने दम तोड़ दिया.
राजेश अवस्थी 42 साल के थे. वह छत्तीसगढ़ फिल्म विकास निगम के पहले अध्यक्ष थे.
राजेश अवस्थी मूलतः गरियाबंद जिले के अमलीपदर के रहने वाले थे, लेकिन फिलहाल वह रायपुर में रह रहे थे.
इन फिल्मों में किया अभिनय
राजेश अवस्थी छत्तीसगढ़ी फिल्मों के अभिनेता प्रकाश अवस्थी के छोटे भाई थे.
राजेश अवस्थी ने पहली बार निर्माता-निर्देशक प्रेम चंद्राकर की फिल्म मया देदे मया लेले में काम किया था.
इसके बाद मया 2, टूरा चाय वाला, परशुराम किरिया, मायारू बाबू सहित कई छत्तीसगढ़ी फिल्मों में अभिनय किया है.
इसके साथ ही उन्होंने अनारकी नाम की वेब सीरीज में भी काम किया था. इस वेब सीरीज में बॉलीवुड के भी कई बड़े एक्टर ने काम किया था.
राजेश अवस्थी अभिनेता के साथ-साथ बहुत अच्छे गायक भी थे. राजेश अवस्थी फिल्मों के साथ राजनीति में भी सक्रिय रहे.
मुख्यमंत्री ने जताया शोक
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ी फिल्मों के प्रसिद्ध अभिनेता एवं निर्माता, भारतीय जनता पार्टी सांस्कृतिक प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक राजेश अवस्थी के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है.
राजेश अवस्थी का यहां की लोक कला, संस्कृति एवं परंपरा के संवर्धन में अनुकरणीय योगदान रहा है. उनका निधन छत्तीसगढ़ी फिल्म उद्योग के लिए अपूरणीय क्षति है.
भाजपा नेता राजेश अवस्थी के निधन के चलते भाजपा ने सोमवार को दोपहर 12 बजे होने जा रहे घोषणा पत्र लॉन्च कार्यक्रम को स्थगित कर दिया है.
अब घोषणा पत्र को आज शाम 4 बजे भाजपा साधारण तरीके से जारी करेगी.
वहीं नगरीय निकाय चुनाव को लेकर भाजपा ने थीम सॉन्ग लॉन्च करने का कार्यक्रम भी तय किया था, इसे रद्द कर दिया है.