सोम, 19 अक्टू. 2026

CGKhabar

सरकारी स्कूल में शिक्षक पर छात्रा से छेड़छाड़ का आरोप

C

CG Khabar

09 अप्रै. 2026, 02:54 AM 2 मिनट में पढ़ें 3

रेप
रेप

अंबिकापुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के भटगांव क्षेत्र से शिक्षा के मंदिर को कलंकित करने वाली एक गंभीर घटना सामने आई है. यहाँ एक शासकीय विद्यालय में पदस्थ शिक्षक हरकेश जायसवाल पर कक्षा 11वीं की छात्रा ने छेड़छाड़ और मानसिक प्रताड़ना के बेहद संवेदनशील आरोप लगाए हैं. इस घटना के सामने आने के बाद से न केवल छात्रा का परिवार आक्रोशित है, बल्कि पूरे क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है. 


मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता पिछले काफी समय से गुमसुम और मानसिक तनाव में रह रही थी. परिजनों ने जब उसकी बदली हुई स्थिति पर गौर किया और विश्वास में लेकर पूछताछ की, तब छात्रा ने शिक्षक की काली करतूतों का खुलासा किया. 

विज्ञापन


छात्रा का आरोप है कि शिक्षक उसे अकेले में बुलाकर अभद्र टिप्पणियां करता था और कई बार उसके साथ दुर्व्यवहार करने की कोशिश भी की गई.


पीड़ित छात्रा के पिता ने पुलिस को दी गई अपनी शिकायत में कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं. पिता का कहना है कि आरोपी शिक्षक हरकेश जायसवाल का व्यवहार पूर्व में भी विवादित रहा है और संभवतः विद्यालय की अन्य छात्राएं भी इस तरह के शोषण का शिकार हुई होंगी, लेकिन सामाजिक लोक-लाज और डर की वजह से वे सामने नहीं आ पा रही हैं. 


परिजनों ने मांग की है कि इस मामले में न केवल तत्काल गिरफ्तारी हो, बल्कि शिक्षक को सेवा से बर्खास्त किया जाए ताकि भविष्य में कोई भी शिक्षक ऐसी हरकत करने की हिम्मत न कर सके.


पुलिस प्रशासन और शिक्षा विभाग ने इस मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए तत्परता दिखाई है. भटगांव थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर छात्रा के बयान दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. 

पुलिस का कहना है कि साक्ष्यों और अन्य छात्राओं के बयानों के आधार पर कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी. 


दूसरी ओर, जिला शिक्षा विभाग ने मामले की निष्पक्ष जांच के लिए तीन सदस्यीय विशेष समिति का गठन किया है. यह समिति स्कूल जाकर वस्तुस्थिति का जायजा लेगी और अपनी रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को सौंपेगी. 


विभाग ने स्पष्ट किया है कि यदि आरोप सत्य पाए जाते हैं, तो शिक्षक के विरुद्ध कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी. यह घटना एक बार फिर शैक्षणिक संस्थानों में छात्र-छात्राओं की सुरक्षा व्यवस्था और 'जीरो टॉलरेंस' नीति की आवश्यकता को रेखांकित करती है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP