सोम, 19 अक्टू. 2026

CGKhabar

सूरजपुर: नवविवाहिता फांसी पर लटकी मिली, हत्या या आत्महत्या

C

CG Khabar

19 फ़र. 2026, 01:43 PM 2 मिनट में पढ़ें 1

फांसी लगाकर आत्महत्या
फांसी लगाकर आत्महत्या

अंबिकापुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के ग्राम महगवां में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है. कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले इस गांव में महज 9 महीने पहले ब्याही गई युवती का शव उसके घर के भीतर फांसी के फंदे से लटका हुआ पाया गया. 


मृतका की पहचान बबिता के रूप में हुई है, जिसका विवाह पिछले साल खलेश्वर राजवाड़े से हुआ था. बताया जा रहा है कि जिस वक्त यह दुखद घटना घटी, उस समय बबिता घर में अकेली थी और परिवार के अन्य सदस्य अपने काम के सिलसिले में बाहर गए हुए थे.

विज्ञापन


जैसे ही इस घटना की खबर गांव में फैली, मौके पर लोगों का भारी हुजूम उमड़ पड़ा. 


सूचना मिलने पर विवाहिता के मायके पक्ष के लोग भी वहां पहुंच गए, जिसके बाद स्थिति और भी तनावपूर्ण हो गई. शोकाकुल परिजनों ने ससुराल पक्ष पर अत्यंत गंभीर आरोप लगाए हैं. उनका स्पष्ट कहना है कि यह आत्महत्या का मामला नहीं है, बल्कि बबिता की हत्या करने के बाद उसे फंदे पर लटकाया गया है. 


मायके वालों की चीख-पुकार और आरोपों के बीच पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल रवाना कर दिया है. 


कोतवाली पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और अधिकारियों का कहना है कि मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगी. फिलहाल, पुलिस हत्या और आत्महत्या दोनों ही पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की बारीकी से जांच कर रही है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP