सोम, 19 अक्टू. 2026

CGKhabar

सुकमा: विस्फोटक सहित 2 इनामी माओवादी गिरफ्तार

C

CG Khabar

09 नव. 2025, 12:59 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

naxal arrested
naxal arrested

सुकमा । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में नक्सलवाद के खिलाफ चल रहे अभियान को एक और मजबूत झटका लगा है. चिंतलनार थाना क्षेत्र के घने जंगलों में छिपे दो खूंखार नक्सलियों को पुलिस ने सघन सर्चिंग के दौरान दबोच लिया. ये दोनों माओवादी संगठन के कट्टर सदस्य थे, जो सुरक्षा बलों को आईईडी हमलों से उड़ाने की साजिश रच रहे थे. 


गिरफ्त में आने वालों में मिलिशिया कमांडर ताती बंडी शामिल है, जिस पर सरकारी इनाम तीन लाख रुपये का था, जबकि डीजीएमएस अध्यक्ष पदाम हड़मा पर दो लाख का इनाम था. दोनों ही आरोपी मूल रूप से बीजापुर जिले के पामेड़ थाना इलाके के रहने वाले हैं.

विज्ञापन


सूत्रों की मानें तो ये नक्सली गोमगुड़ा के आसपास के इलाके में विस्फोटकों को बिछाने की तैयारी में जुटे थे, ताकि सुरक्षाकर्मियों को करारा धक्का दिया जा सके. मुखबिर की गुप्त खबर पर हरकत में आए डीआरजी, स्थानीय जिला रिजर्व गार्ड और 203 कोबरा बटालियन की संयुक्त टुकड़ी ने ग्राम भीमापुरम के जंगली इलाके में घेराबंदी की. नतीजा ये हुआ कि दोनों भागने का मौका पा ही नहीं सके और सरेंडर करने को मजबूर हो गए. 


तलाशी लेने पर उनके पास से भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद हुई. नौ नॉन-इलेक्ट्रिक डेटोनेटर, पांच जिलेटिन स्टिक्स, करीब 45 फीट लंबा कोर्डेक्स तार, 55 मीटर बिजली के तार और 14 फीट का फ्यूज वायर.


पुलिस ने तुरंत विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कराई. अदालत में पेश करने के बाद दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. इस कार्रवाई से नक्सल उन्मूलन अभियान को नई गति मिली है, और स्थानीय ग्रामीणों में भी सुरक्षा का भरोसा बढ़ा है. सुरक्षाबल लगातार ऐसे ऑपरेशनों को तेज कर रहे हैं, ताकि क्षेत्र में शांति की बहाली हो सके.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP