महिला को सांप ने काटा, झाड़-फूंक के चक्कर में मृ्त्यु
सुकमा । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के सुकमा में सांप काटने के बाद झाड़-फूंक के चक्कर में एक महिला की मौत हो गई है. यदि समय रहते महिला को अस्पताल ले जाया जाता तो जान बच सकती थी.
मिली जानकारी के अनुसार गांव की 48 वर्षीय महिला मड़कम भीमे को उसके घर में सोते समय जहरीले करैत सांप ने काट लिया था. सांप ने महिला को रात करीब 1 बजे काटा लेकिन परिजन उसे अस्पताल ले जाने के बजाय अंधविश्वास में पड़ गये.
रातभर झाड़-फूंक चलती रही सुबह हालत बिगड़ने पर उसे अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. इसके बाद महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिये सुकमा जिला अस्पताल भेजा गया है..
चिकित्सकों का कहना है कि अगर पीड़िता को समय रहते अस्पताल लाया गया होता, तो उसकी जान बच सकती थी.. सांप के काटने की स्थिति में हर मिनट कीमती होता है और एंटी-वेनम इंजेक्शन से जान बचाई जा सकती है. मगर ग्रामीण अंधविश्वासों और झाड़-फूंक में समय गंवा देते हैं.