छत्तीसगढ़ राज्योत्सव: उपराष्ट्रपति के हाथों मिला राज्य अलंकरण
रायपुर । संवाददाता: उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने नवा रायपुर में आयोजित छत्तीसगढ़ राज्योत्सव के राज्य अलंकरण समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले 37 विभूतियों और 4 संस्थाओं को 34 राज्य अलंकरणों से सम्मानित किया. इस अवसर पर राज्यपाल रमेन डेका ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की, जबकि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय समारोह के अति विशिष्ट अतिथि थे. विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, मंत्रीगण, सांसद और विधायकगण विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे.
समारोह में उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन और मुख्यमंत्री साय ने कांकेर जिले के हिरेश सिन्हा को शहीद वीरनारायण सिंह पुरस्कार प्रदान किया. जांजगीर-चांपा जिले की भारतीय कुष्ठ निवारक संघ को यति यतनलाल सम्मान, राजनांदगांव की ज्ञानेश्वरी यादव को गुण्डाधूर सम्मान और दुर्ग की ललेश्वरी साहू को मिनीमाता सम्मान से नवाजा गया.
गुरु घासीदास सम्मान संयुक्त रूप से बेमेतरा के भुवनदास जांगड़े और बलौदाबाजार-भाटापारा के शशि गायकवाड़ को दिया गया. धमतरी की प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति डोमा को ठाकुर प्यारेलाल सिंह पुरस्कार, रायपुर के डॉ. कुंज बिहारी शर्मा को हबीब तनवीर सम्मान और बिलासपुर की चांदनी साहू को महाराजा प्रवीरचंद भंजदेव सम्मान प्रदान किया गया.
अन्य प्रमुख पुरस्कारों में, रायपुर के राजेश अग्रवाल को पंडित रविशंकर शुक्ल सम्मान, रायपुर के डॉ. चिंतरंजन कर को पंडित सुंदरलाल शर्मा सम्मान, दुर्ग के पंडित कीर्ति माधव लाल व्यास को चक्रधर सम्मान, दुर्ग के रिखी क्षत्रिय को दाऊ मंदराजी सम्मान मिला. डॉ. खूबचंद बघेल कृषक रत्न पुरस्कार संयुक्त रूप से धमतरी के थनेन्द्र कुमार साहू और बलौदाबाजार के वामन कुमार टिकरिहा को प्रदान किया गया.
पत्रकारिता के क्षेत्र में, प्रिंट मीडिया हिन्दी का चन्दूलाल चन्द्राकर स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार रायपुर के डॉ. संदीप कुमार तिवारी को, जबकि इलेक्ट्रॉनिक मीडिया हिन्दी का पुरस्कार संयुक्त रूप से डॉ. सोमेश कुमार पटेल और अभिषेक शुक्ला को मिला. प्रिंट मीडिया अंग्रेजी का मधुकर खेर स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार दुर्ग की भावना पाण्डेय को दिया गया. इसके अतिरिक्त, मुंबई के अनुराग बसु को किशोर साहू राष्ट्रीय अलंकरण से सम्मानित किया गया.
विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित अन्य विभूतियों और संस्थाओं में शामिल हैं:
*महाराजा अग्रसेन सम्मान: राजेन्द्र अग्रवाल राजू (बिलासपुर)
*दानवीर भामाशाह सम्मान: नीरज कुमार बाजपेयी (राजनांदगांव)
*धन्वन्तरि सम्मान: डॉ. अजय कृष्ण कुलश्रेष्ठ
*श्रीमती बिलासादेवी केंवट मत्स्य विकास पुरस्कार: सुखदेव दास (रायपुर)
*डॉ. भंवरसिंह पोर्ते आदिवासी सेवा सम्मान: जंगो रायतार विद्या केतुल शिक्षण संस्था (कांकेर)
*रामानुज प्रताप सिंहदेव स्मृति श्रम यशस्वी पुरस्कार: मिथलेश कुमार आदिल और अग्रसर टीम (दुर्ग) तथा एनटीपीसी लिमि. लारा सुपर थर्मल पावर प्रोजेक्ट (रायगढ़)
*पंडित लखनलाल मिश्र सम्मान: योगेश कुमार साहू (कांकेर)
*छत्तीसगढ़ अप्रवासी भारतीय सम्मान: मनीष तिवारी (रायपुर)
*देवदास बंजारे स्मृति पंथी नृत्य पुरस्कार: रोहित कुमार कोसरिया (महासमुंद)
*किशोर साहू सम्मान: सुनील सोनी (रायपुर)
*लक्ष्मण मस्तुरिया सम्मान: राकेश तिवारी (रायपुर)
*लाला जगदलपुरी साहित्य पुरस्कार: डॉ. विनोद कुमार वर्मा (बिलासपुर)
*बैरिस्टर ठाकुर छेदीलाल सम्मान (संयुक्त): खेमचंद जैन (राजनांदगांव), डॉ. सुरेश मणि त्रिपाठी, डॉ. भूपेन्द्र करवंदे और भरतलाल सोनी (रायपुर)
*वीरांगन अवंतिबाई लोधी स्मृति पुरस्कार: प्रेमशीला बघेल (महासमुंद)
*माता बहादुर कलारिन सम्मान: शिल्पा पाण्डेय सृष्टि (सरगुजा)
*पंडित माधव राव सप्रे राष्ट्रीय रचनात्मकता सम्मान: अवधेश कुमार (नई दिल्ली)
*संस्कृत भाषा सम्मान: डॉ. दादू भाई त्रिपाठी (रायपुर)