छत्तीसगढ़: कोरबा में सुसाइड की तीन घटनाओं से सनसनी
कोरबा । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में मंगलवार के दिन अलग-अलग थाना क्षेत्रों में तीन लोगों ने अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली. इन घटनाओं ने न केवल स्थानीय निवासियों को झकझोर कर रख दिया है, बल्कि पुलिस प्रशासन के लिए भी गुत्थी सुलझाने की चुनौती खड़ी कर दी है.
पहली दिल दहला देने वाली तस्वीर सर्वमंगला रेलवे ब्रिज से सामने आई, जहाँ लगभग 25 फीट की ऊँचाई पर एक अज्ञात युवक का शव फंदे से लटका हुआ पाया गया. घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की टीम मौके पर पहुँची.
पुलिस को मृतक के पास से एक युवती का रुमाल और कुछ अन्य सामान मिला है. स्थानीय लोगों के मुताबिक, युवक को रात में एक लड़की के साथ देखा गया था, जिसके आधार पर पुलिस शुरुआती तौर पर इसे प्रेम प्रसंग से जोड़कर देख रही है. फिलहाल युवक की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं.
दूसरी दुखद घटना मानिकपुर चौकी क्षेत्र के SECL क्वार्टर में घटित हुई, जहाँ सेंट्रल वर्कशॉप में कार्यरत एक कर्मचारी ने मौत को गले लगा लिया. बताया जा रहा है कि मृतक और उनकी पत्नी लंबे समय से किसी गंभीर बीमारी से पीड़ित थे और उनका इलाज चल रहा था. बीमारी के चलते उपजे मानसिक तनाव को इस आत्मघाती कदम के पीछे का संभावित कारण माना जा रहा है.
वहीं, तीसरी घटना दर्री थाना अंतर्गत जमनीपाली के इंदिरानगर में हुई, जहाँ 35 वर्षीय राकेश साहू नामक युवक ने फांसी लगा ली. राकेश अभी एक दिन पहले ही अपने पैतृक गांव से लौटा था और उसी रात उसने यह खौफनाक कदम उठा लिया.
पुलिस ने तीनों ही मामलों में मर्ग कायम कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. आत्महत्या के ठोस कारणों का पता लगाने के लिए परिजनों और संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है.