राजनांदगांव: हाईटेक IPL सट्टेबाजी गिरोह का पर्दाफाश
राजनांदगांव । डेस्क: छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में पुलिस ने आईपीएल सीजन के दौरान सक्रिय एक संगठित ऑनलाइन सट्टा गिरोह को दबोचने में बड़ी कामयाबी हासिल की है. पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के नेतृत्व में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बसंतपुर थाना और साइबर सेल की टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए मोहारा नाला क्षेत्र के एक फार्महाउस पर छापेमारी की.
इस दौरान पुलिस ने 5 आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया, जो 'सांई ऐप' के माध्यम से क्रिकेट मैच की हर गेंद पर लाखों का दांव लगवा रहे थे.
पकड़े गए आरोपियों के पास से पुलिस ने 2 लैपटॉप, 7 स्मार्टफोन, एक टैबलेट और एक बाइक समेत करीब 5.50 लाख रुपये का सामान बरामद किया है. इसके अलावा, जब्त की गई सट्टा पट्टी में लगभग 9.20 लाख रुपये के लेन-देन का रिकॉर्ड भी मिला है.
जांच में यह बात सामने आई है कि आरोपी पुलिस से बचने के लिए कोडिंग भाषा का उपयोग करते थे.
पुलिस ने वीरू प्रजापति, रूपेश पांडे, आयुष मेश्राम, मोहित देवांगन और लक्की उर्फ नरेंद्र देवांगन को हिरासत में लिया है, जबकि गिरोह के दो अन्य सदस्य मूलचंद देवांगन और नागपुर निवासी सादिक खान फिलहाल फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस टीमें जुटी हुई हैं.
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपियों पर जुआ एक्ट के साथ-साथ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 112 (संगठित अपराध), 318(4) और आईटी एक्ट की धारा 66(डी) के तहत सख्त केस दर्ज किया है.
एएसपी कीर्तन राठौर और सीएसपी वैशाली जैन के मार्गदर्शन में हुई इस कार्रवाई के बाद पुलिस ने चेतावनी दी है कि आईपीएल के दौरान संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जा रही है और आने वाले दिनों में जिले के अन्य सटोरियों पर भी बड़ी गाज गिर सकती है.