रायपुर में मकान मालिक ने की चोर की हत्या
बीती रात एक चोर की मकान मालिक द्वारा बेरहमी से हत्या कर दी गई.
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से सटे उरला के सरोरा इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना ने सबको झकझोर कर रख दिया. बीती रात एक चोर की मकान मालिक द्वारा बेरहमी से हत्या कर दी गई. आरोपी कोई और नहीं, बल्कि घर का मालिक हीरेन्द्र साहू था, जिसने चोरी की कोशिश को नाकाम करते हुए चोर को धारदार हथियार से हमला कर मौत के घाट उतार दिया.
पुलिस के मुताबिक, डोमन साहू नामक शख्स रात के अंधेरे में चोरी की नीयत से हीरेन्द्र साहू के घर में घुस गया. शोर सुनकर जागे मकान मालिक ने तुरंत हरकत में आते हुए चोर पर धारदार हथियार से कई वार किये. गंभीर रूप से घायल डोमन को तत्काल एम्स ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद उसकी जान नहीं बच सकी.
घटना की खबर फैलते ही इलाके में हड़कंप मच गया. पुलिस ने मकान मालिक हीरेन्द्र साहू को हिरासत में ले लिया है और मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है. प्रारंभिक जांच में यह साफ नहीं हो सका कि मकान मालिक का हमला आत्मरक्षा में था या फिर गुस्से में उठाया गया कदम. स्थानीय लोग इस घटना से स्तब्ध हैं और तरह-तरह की चर्चायें जोरों पर हैं.
पुलिस ने बताया कि मामले की गहराई से जांच की जा रही है और जल्द ही पूरे तथ्य सामने लाये जाएंगे.