छत्तीसगढ़ के कवि सुरेंद्र दुबे का निधन
रायपुर | संवाददाता: छत्तीसगढ़ के जाने-माने हास्य कवि सुरेंद्र दुबे का निधन हो गया. वे पद्मश्री से सम्मानित थे.
वे पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ थे. उनका रायपुर के एडवांस कार्डियक इंस्टीट्यूट में इलाज चल रहा था.
वे अपने चुटकुलों और छत्तीसगढ़ी कविताओं के लिए जाने जाते थे. कवि सम्मेलनों में उनकी उपस्थिति को, कवि सम्मेलन की सफलता के तौर पर देखा जाता था.
सुरेंद्र दुबे का जन्म 8 जनवरी 1953 को बेमेतरा में हुआ था. वे आयुर्वेद के चिकित्सक थे. उन्हें भारत सरकार द्वारा 2010 में, देश के चौथे उच्चतम भारतीय नागरिक पुरस्कार पद्म श्री से सम्मानित किया गया था. वह छत्तीसगढ़ी राजभाषा आयोग के पहले सचिव थे.
चर्चित कवि कुमार विश्वास ने एक्स पर लिखा-छत्तीसगढ़ी भाषा, संस्कृति के वैश्विक राजदूत, मुझे सदैव अनुजवत स्नेह देने वाले, बेहद ज़िंदादिल मनुष्य, कविश्रेष्ठ पद्मश्री डॉ सुरेंद्र दुबे जी का निधन सम्पूर्ण साहित्य-जगत के लिए अपूरणीय क्षति है. मेरे हृदय के रायपुर का एक हिस्सा, आपकी अनुपस्थिति को सदैव अनुभव करेगा भैया.
छत्तीसगढ़ के गृहमंत्री विजय शर्मा ने लिखा-सुरेन्द्र जी जीवन भर मुस्कान बांटते रहे, आज आंखें नम कर गए. छत्तीसगढ़ की माटी से लेकर विश्व मंच तक अपनी विशिष्ट कविताओं से पहचान बनाने वाले महान कवि पद्मश्री सुरेन्द्र दुबे जी के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है.ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें एवं शोक संतप्त परिजनों और उनके असंख्य प्रशंसकों को यह पीड़ा सहने की शक्ति प्रदान करें.आपकी कविताएं सदैव हमारे हृदय में जीवित रहेंगी.