नारायणपुर महिला महाविद्यालय के प्राचार्य सहित 6 प्राध्यापक निलंबित
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ शासन के उच्च शिक्षा विभाग ने वित्तीय अनियमितताओं के गंभीर मामले में बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई करते हुए शासकीय आदर्श महिला महाविद्यालय, नारायणपुर के प्राचार्य सहित छह प्राध्यापकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. यह कार्रवाई पीएम उषा मद से आबंटित राशि के कथित दुरुपयोग और निर्धारित वित्तीय नियमों के उल्लंघन के आरोपों के बाद की गई है.
उच्च शिक्षा विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार सामग्री क्रय में गड़बड़ी, प्रक्रियागत अनियमितता और छत्तीसगढ़ वित्तीय नियम संहिता 2002 (संशोधित 2025) के उल्लंघन की पुष्टि प्रथम दृष्टया जांच में हुई है. इसी आधार पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. योगेंद्र पटेल सहित सहायक प्राध्यापक भूषण जय गोयल, किशोर कुमार कोठारी, हरीश चंद बैद और नोहर राम को निलंबित किया गया है.
सभी अधिकारियों को छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम 1966 के नियम 9(1)(क) के तहत निलंबित किया गया है. निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय क्षेत्रीय अपर संचालक, कार्यालय जगदलपुर (छत्तीसगढ़) निर्धारित किया गया है और वे नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते के पात्र होंगे.
उच्च शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि पूरे मामले में अलग से विभागीय जांच कराई जाएगी, ताकि दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ आगे कड़ी कार्रवाई की जा सके. शासन के इस कदम को सार्वजनिक धन के दुरुपयोग के प्रति शून्य सहनशीलता की नीति के रूप में देखा जा रहा है.