मुंगेली में कुयें की गैस से चाचा-भतीजा की मौत
बिलासपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के मुंगेली में कुयें की जहरीली गैस से चाचा-भतीजा दोनों की मौत हो गई है. मिली जानकारी के अनुसार मुंगेली के खेढ़ा गांव के रहने वाले 50 वर्षीय दिनेश निषाद तथा 35 वर्षीय पुरषोत्तम निषाद कुयें की सफाई करने के लिये उतरे थे.
उन्हें इस बात की जानकारी नहीं थी कि कुयें में जहरीली गैस है. न ही उन्होंने जलती लालटेन कुयें में उतार कर इसकी परीक्षा की थी.
फलतः जब दोनों चाचा-भतीजा कुयें में उतरे तो जहरीली गैस के कारण तथा ऑक्सीजन की कमी के कारण दोनों का दम घुट गया.
कुयें की जहरीली गैस ने दोनों चाचा-भतीजा की जान ले ली है.
खबर मिलते ही जिला कलेक्टर तथा पुलिस अधीक्षक मौके पर पहुंचे. पुलिस के साथ आये एसडीआरएफ की टीम ने दोनों शव को बाहर निकाला.
शवों को पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया गया है. प्रशासन ने आमजनों से कुयें न उतरने की अपील की है.