सोम, 19 अक्टू. 2026

CGKhabar

मनरेगा की डबरी से खेतों में हरियाली, चेहरे पर मुस्कान

C

CG Khabar

19 अग. 2025, 04:35 PM 2 मिनट में पढ़ें 2

मनरेगा
मनरेगा

रायपुर । संवाददाता: मनरेगा से खेतों में डबरी निर्माण से किसानों को सिंचाई का स्थायी साधन मिल रहा है. इससे खेती-किसानी में सुधार हो रहा है और किसानों की कमाई बढ़ रही है. मनरेगा के तहत बनी डबरी किसानों के जीवन में संजीवनी साबित हो रही है. 


बरसात का पानी अब व्यर्थ बहने के बजाय खेतों में फसलों को सींच रहा है. इससे न सिर्फ किसानों की मेहनत रंग ला रही है, बल्कि खुशहाली की नई राह भी खुल रही है. बिलासपुर जिले के मस्तूरी विकासखंड के एरमसाही ग्राम पंचायत के किसान आशीष के खेत में डबरी खुदाई के बाद उसकी पैदावार और आमदनी बढ़ गई है.   

विज्ञापन


ग्राम सभा में मनरेगा के तहत आशीष के खेत में डबरी निर्माण का प्रस्ताव पास होने के महज दो महीनों में ही इसका निर्माण पूर्ण कर लिया गया. 


इस दौरान 955 मानव दिवस रोजगार भी सृजित हुआ जिससे गाँव के कई लोगों को काम मिला.


एक लाख 72 हजार रुपए से निर्मित इस डबरी से न केवल जल संचयन की व्यवस्था मजबूत हुई है, बल्कि रोजगार और बेहतर कृषि के नए अवसर भी बने हैं. डबरी से खेतों की सिंचाई आसान हो गई है, जल स्तर में भी सुधार है. 


आशीष बताते हैं कि डबरी निर्माण से सिंचाई की व्यवस्था हो जाने से अब पैदावार बेहतर हो रही है. साथ ही पशुपालन की व्यवस्था भी सुदृढ़ हुई है. 


सिंचाई की सुविधा हो जाने से हरी सब्जियों एवं धान की फसल में उसे अच्छा मुनाफा हुआ है. 


एरमसाही के किसानों का कहना है कि डबरी निर्माण से खेतों में नमी बनी रहती है और सालभर खेती संभव हो पाती है. 


जल संचय की इस व्यवस्था से पूरे गाँव को फायदा हो रहा है. मनरेगा से डबरी के निर्माण से जल स्तर, पैदावार और कमाई तीनों में बढ़ोतरी हो रही है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP