शिक्षादूतों के हत्यारे नक्सलियों का पुनर्वास नहीं- गृहमंत्री
रायपुर । संवादाता: छत्तीसगढ़ के गृह मंत्री विजय शर्मा ने कहा है कि दो शिक्षादूतों (ग्रामीण शिक्षकों) की हत्या करने वाले नक्सलियों को राज्य सरकार की पुनर्वास योजना का लाभ नहीं दिया जायेगा.
शर्मा ने कहा, "नक्सली अपने बच्चों को देश और विदेश के बड़े विश्वविद्यालयों में पढ़ा रहे हैं, लेकिन वे बस्तर के बच्चों के लिये ऐसा नहीं चाहते. इसलिए वे स्कूलों को उड़ा रहे हैं और ग्रामीण शिक्षकों की हत्या कर रहे हैं. यह गलत है और ऐसा नहीं होना चाहिये."
उन्होंने आगे कहा, "यदि उन नक्सलियों की पहचान हो जाती है, जिन्होंने इन शिक्षादूतों को बेरहमी से गोली मारी, तो उनके लिए पुनर्वास के सभी विकल्प बंद कर दिये जायेंगे."
गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ नक्सल समर्पण/पीड़ित राहत और पुनर्वास नीति 2025 के तहत समर्पण करने वाले नक्सलियों को वित्तीय सहायता, शिक्षा, रोजगार और सुरक्षा प्रदान की जाती है. इसमें स्व-रोजगार और कौशल विकास जैसी विशेष योजनाओं में वित्तीय सहायता शामिल है.
नक्सली हिंसा के पीड़ितों के परिवारों को भी सहायता और पुनर्वास के लाभ प्रदान किये जाते हैं.