कोरबा: नई दुल्हन को लेकर लौट रही गाड़ी पलटी, मासूम की मौत
कोरबा । संवाददाता: कोरबा जिले के बांकी मोंगरा क्षेत्र में ग्राम कसरेंगा से विदा हुई नई नवेली दुल्हन को लेकर दादर खुर्द लौट रहा एक अनियंत्रित चार पहिया वाहन डबरीपारा मोड़ के समीप दुर्घटनाग्रस्त होकर पलट गया. इस भीषण हादसे में वाहन में सवार एक छोटी बच्ची ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए.
मिली जानकारी के अनुसार, सोनपुरी गांव से किराए पर लिए गए इस वाहन में कुल 11 लोग सवार थे, जिनमें महिलाओं और बच्चों की संख्या अधिक थी.
जैसे ही गाड़ी कसरेंगा से निकलकर मोड़ के पास पहुंची, चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और गाड़ी पलट गई.
हादसे के तुरंत बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. घटना की सूचना मिलते ही बांकी मोंगरा पुलिस और दर्री सीएसपी तत्काल घटना स्थल पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से बचाव कार्य शुरू किया.
सभी घायलों को त्वरित उपचार के लिए बांकी मोंगरा स्थित एसईसीएल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है.
बताया जा रहा है कि दुर्घटना के फौरन बाद वाहन चालक मौके से फरार होने में कामयाब रहा, जिसकी तलाश में पुलिस जुट गई है. पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है.