सोम, 19 अक्टू. 2026

CGKhabar

कोरबा: नहर में मिला अज्ञात युवती का शव

C

CG Khabar

22 सित. 2025, 08:01 AM 2 मिनट में पढ़ें 2

Dead body
Dead body

कोरबा । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में उरगा थाना क्षेत्र के कनकी गांव में रविवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब स्थानीय लोगों ने नहर में एक युवती का शव तैरता हुआ देखा. अनुमानित रूप से 20 वर्षीय इस युवती की पहचान अब तक नहीं हो पाई है, और पुलिस विभिन्न माध्यमों से उसकी शिनाख्त करने में जुटी है.


पुलिस के अनुसार, कनकी पुल से लगभग 300 मीटर की दूरी पर नहर में यह शव देखा गया. युवती ने काली जींस और काला टॉप पहना हुआ था. 

विज्ञापन


शव की हालत देखकर लगता है कि वह 24 घंटे से अधिक समय तक पानी में रहा होगा. मौके पर पहुंची उरगा थाना और पंतोरा चौकी की पुलिस ने शव को बाहर निकाला और जांच शुरू की.


शव की पहचान के लिए पुलिस ने जिले के सभी थानों और चौकियों से संपर्क किया. इस दौरान सिटी कोतवाली में दर्ज एक गुमशुदगी की रिपोर्ट सामने आई, जिसमें सफाईकर्मी राजा सकतेल की 14 वर्षीय बेटी दामिनी के 19 सितंबर से लापता होने की जानकारी थी. 


हालांकि, जब परिजनों को शव दिखाया गया, तो उन्होंने इसे अपनी बेटी का शव मानने से इनकार कर दिया.


कोरबा सीएसपी भूषण एक्का ने बताया कि युवती की शिनाख्त के लिए व्हाट्सएप ग्रुपों और आसपास के गांवों में मुनादी के जरिए सूचना प्रसारित की जा रही है. 


साथ ही, सभी थाना-चौकियों को इसकी जानकारी दे दी गई है. उन्होंने कहा कि शव की पहचान होने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा.


पुलिस ने शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जो मौत के कारणों पर प्रकाश डाल सकती है. 


प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि युवती की मौत हादसा थी या किसी साजिश का परिणाम.


स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं. कई लोग इसे संदिग्ध मान रहे हैं और अनुमान लगा रहे हैं कि युवती के साथ कोई अनहोनी हुई होगी. 


पुलिस इस मामले की गहन जांच कर रही है, और साथ ही लापता दामिनी की तलाश में भी जुटी हुई है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP