छत्तीसगढ़: कोरबा-चांपा मार्ग पर एक्सीडेंट, चालक की मौके पर मौत
कोरबा । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में मंगलवार सुबह कोरबा-चांपा मुख्य मार्ग पर ग्राम पंचायत पताढ़ी के निकट दो भारी वाहनों के बीच आमने-सामने जबरदस्त टक्कर हो गई. जिससे एक चालकी की मौके पर ही मौत हो गई है.
मिली जानकारी के अनुसार, कोरबा दिशा से आ रहा एक ट्रेलर वाहन गलत साइड पर चल रहा था, जबकि चांपा की ओर से प्याज से भरा एक डाला वाहन आ रहा था. दोनों वाहनों की तेज रफ्तार और ट्रेलर की गलत दिशा के कारण भीषण भिड़ंत हुई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और परखच्चे उड़ गए.
प्याज लदे वाहन का चालक कैबिन में फंस गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. गैस कटर की मदद से कैबिन काटकर चालक को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं.
दूसरी ओर, ट्रेलर चालक गंभीर रूप से घायल हो गया. उसे फौरन अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है. हादसे के बाद मुख्य मार्ग पर यातायात कुछ समय के लिए ठप हो गया. भीड़ जमा होने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और आवागमन बहाल कराया.
उरगा थाना प्रभारी राजेश तिवारी ने बताया कि मृतक चालक की पहचान के लिए वाहन मालिक को सूचित किया गया है. उनके पहुंचने के बाद परिजनों को जानकारी दी जाएगी. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के सटीक कारणों की पड़ताल कर रही है. प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और गलत साइड ड्राइविंग को मुख्य वजह माना जा रहा है.