छत्तीसगढ़: कोरबा में एल्युमिनियम पार्क बनेगा
कोरबा । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के कोरबा में एल्युमिनियम पार्क की स्थापना का रास्ता साफ हो गया है. इसके लिये 105 हेक्टेयर जमीन हस्तांतरण को भी मंजूरी मिल गई है. विशेषज्ञों के अनुसार, कोरबा में एल्युमिनियम पार्क की स्थापना से एक ही स्थान पर विभिन्न प्रकार के उत्पादों का निर्माण संभव हो सकेगा.
बालको स्मेल्टर प्लांट में पहले से ही एल्यूमिनियम का उत्पादन किया जा रहा है, और अब इस पार्क के माध्यम से एल्यूमिनियम उत्पादों की पूरी निर्माण शृंखला कोरबा में उपलब्ध होगी. इससे कोरबा को औद्योगिक और आर्थिक क्षेत्र में एक नई पहचान मिलेगी.
लंबे समय से प्रतीक्षित कोरबा में एल्युमिनियम पार्क के निर्माण का मार्ग अब प्रशस्त हो गया है. उत्पादन कंपनी की हालिया बोर्ड बैठक में कोरबा ताप विद्युत गृह की 105 हेक्टेयर जमीन को उद्योग विभाग को हस्तांतरित करने के प्रस्ताव को स्वीकृति मिल गई है.
जल्द ही यह जमीन उद्योग विभाग के नियंत्रण में होगी, जिसके बाद एल्युमिनियम पार्क के निर्माण की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी.
इस परियोजना को आगे बढ़ाने में कोरबा विधायक और उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन के निरंतर प्रयासों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है.
जिला चेम्बर ऑफ कॉमर्स और विभिन्न उद्योग संगठनों की वर्षों पुरानी मांग को अब मंजूरी प्राप्त हो चुकी है.
इस पार्क के निर्माण से कोरबा में एल्यूमिनियम आधारित छोटे और बड़े उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा, साथ ही रोजगार के व्यापक अवसर भी सृजित होंगे. उद्योग विभाग ने वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए इस परियोजना हेतु 5 करोड़ रुपये के बजट का प्रस्ताव भी रखा था.
एल्यूमिनियम की बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए यह पार्क एक मजबूत आधार प्रदान करेगा.
ऊर्जा संयंत्रों, निर्माण कार्य, रेलवे, पैकेजिंग, वाहन निर्माण, इलेक्ट्रिकल उपकरणों और घरेलू बर्तनों जैसे क्षेत्रों में एल्यूमिनियम की खपत लगातार बढ़ रही है.
इस पार्क के तैयार होने के बाद इन सभी क्षेत्रों से संबंधित उत्पाद कोरबा में ही निर्मित किए जा सकेंगे. इससे न केवल स्थानीय उद्योगपतियों को लाभ होगा, बल्कि बाहरी निवेशकों के लिए भी नए संयंत्र स्थापित करने की संभावनाएं बढ़ेंगी.