कांकेर में नक्सली कमांडर दारसु ने किया सरेंडर
कांकेर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के कांकेर के अंतागढ़ में नक्सलियों की परतापुर एरिया कमेटी के एक महत्वपूर्ण सदस्य ने सोमवार को हिंसा का रास्ता छोड़कर मुख्यधारा में शामिल होने का फैसला किया है. करीब पांच लाख रुपये के इनामी नक्सली लीडर और एसीएम रैंक के सक्रिय सदस्य दारसु ने बिना हथियारों के पुलिस मुख्यालय पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया.
यह घटनाक्रम इसलिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि हाल ही में सुरक्षाबलों के साथ हुई एक मुठभेड़ में बड़े नक्सली नेता रूपी के मारे जाने के बाद इस क्षेत्र में सक्रिय विद्रोहियों के हौसले पस्त हुए हैं.
पुलिस प्रशासन का मानना है कि रूपी के खात्मे के बाद से इलाके में सक्रिय करीब 11 नक्सली अपनी जान बचाने के लिए सुरक्षित ठिकानों और अपने गांवों की ओर भाग रहे हैं, जिनमें से दारसु का सामने आना पुलिस के लिए एक बड़ी सफलता है.
आत्मसमर्पण के तुरंत बाद अधिकारियों ने दारसु से अन्य सक्रिय साथियों और उनके ठिकानों के बारे में पूछताछ शुरू कर दी है.
इस बीच, पुलिस के उच्चाधिकारियों ने जंगल में छिपे अन्य नक्सलियों से भी अपील की है कि वे हिंसा और खोखली विचारधारा का त्याग कर सरकार की पुनर्वास नीति का लाभ उठाएं और एक सामान्य नागरिक के तौर पर नए जीवन की शुरुआत करें.