कांकेर: वन्यजीव का तस्करी करने वाले 7 गिरफ्तार
कांकेर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के कांकेर वनमंडल में वन्यजीवों के अवैध शिकार करने वाले शिकारियों को गिरफ्तार कर लिया गया है. राज्य स्तरीय उड़नदस्ता की गोपनीय सूचना पर की गई इस छापेमारी में विभाग ने 7 आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.
इनके पास से भारी मात्रा में जंगली सुअर का मांस और एक जीवित मादा जंगली सुअर बरामद की गई है.
प्राप्त विवरण के अनुसार, 8 मार्च 2026 की सुबह वन विभाग ने अलग-अलग स्थानों पर घेराबंदी कर इस गिरोह का भंडाफोड़ किया.
पहली कार्रवाई में महेंद्र कोड़ोपी के घर के पीछे बाड़ी में दो जंगली सुअरों (74 किलो और 70 किलो) को भूनते हुए पाया गया, जिसका मांस 300 रुपये प्रति किलो की दर से बेचा जा रहा था.
इसी कड़ी में दूसरी कार्रवाई ग्राम माटवाड़ा के पास हुई, जहां मोटरसाइकिल पर एक जीवित मादा जंगली सुअर को बांधकर ले जा रहे तस्करों को दबोचा गया.
जांच का सिलसिला ग्राम जुनवानी तक पहुंचा, जहां मुख्य आरोपी प्रकाश मंडावी के ठिकाने से भी वन्यजीवों के अवशेष बरामद किए गए.
वन विभाग ने सभी आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है.
माननीय न्यायालय कांकेर के आदेश पर सभी 7 आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है.