भतीजे ने चाचा की हत्या की, हंसिया से गले पर किया वार
जांजगीर-चांपा । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के चांपा नगर पालिका क्षेत्र में एक दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है. वार्ड नंबर 15, कोटा डबरी निवासी 65 वर्षीय राम प्रसाद पाल की उनके भतीजे अजीत पाल ने हंसिया से गले पर हमला कर हत्या कर दी. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है.
घटना रविवार शाम करीब 7 बजे की है, जब राम प्रसाद पाल अपने घर के पास स्थित हनुमान मंदिर में पूजा करने गए थे. तभी अजीत पाल ने उन पर हंसिया से ताबड़तोड़ हमला कर दिया.
गले पर गहरी चोट लगने से राम प्रसाद लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े. उन्हें तुरंत बीडीएम अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. सोमवार को शव का पोस्टमॉर्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया.
जांजगीर-चांपा के पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही चांपा पुलिस मौके पर पहुंची. स्थानीय लोगों से पूछताछ और जांच के बाद आरोपी अजीत पाल को हिरासत में लिया गया.
पूछताछ में अजीत ने बताया कि उसे शक था कि उसके चाचा राम प्रसाद तंत्र-मंत्र करते हैं, जिसके कारण उसका ढाबा नहीं चल रहा और ग्राहक नहीं आ रहे. इसी रंजिश में उसने इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया.
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और घटना में इस्तेमाल हंसिया बरामद कर लिया गया है. अजीत पाल को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. मामले की गहन जांच जारी है.