जगदलपुर: तालाब में गिरी स्कॉर्पियो, तीन युवकों की मौत
जगदलपुर । संवाददाता: बस्तर के जगदलपुर शहर के कालीपुर इलाके में शनिवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. क्रिकेट खेलकर लौट रहे युवकों की तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर सड़क से सीधे तालाब में जा गिरी. इस हादसे में वाहन सवार छह युवकों में से तीन की डूबने से मौत हो गई, जबकि तीन अन्य को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार स्कॉर्पियो काफी तेज गति में थी. इसी दौरान चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और कार सीधे तालाब में जा घुसी. हादसे के समय सभी युवक कालीपुर ग्राउंड में क्रिकेट खेलकर घर लौट रहे थे.
घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने तालाब में उतरकर बचाव कार्य शुरू किया. स्थानीय युवकों की मदद से दो घायलों को बाहर निकाला गया और पुलिस को सूचना दी गई. सूचना मिलते ही परपा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर सभी युवकों को तालाब से बाहर निकाला.
इस हादसे में भावेश नागे और शेखर नागे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल मनीष नेवार ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. तीन अन्य युवक सुरक्षित हैं, जिनका इलाज डिमरापाल अस्पताल में चल रहा है.
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है. बताया गया है कि मृतक भावेश नागे और शेखर नागे सगे भाई थे. दोनों भाइयों की मौत से परिवार में शोक की लहर है और पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है.