सोम, 19 अक्टू. 2026

CGKhabar

छत्तीसगढ़: प्रमोशन न मिलने पर IPS धर्मेंद्र सिंह ने CM को लिखा पत्र

C

CG Khabar

28 जन. 2026, 10:59 PM 2 मिनट में पढ़ें 2

IPS
IPS

रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले के पुलिस अधीक्षक और 2012 बैच के आईपीएस अधिकारी धर्मेंद्र सिंह छवई ने राज्य प्रशासन पर उनके संवैधानिक अधिकारों के उल्लंघन का गंभीर आरोप लगाया है. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को लिखे एक पत्र में छवई ने कहा कि वरिष्ठता और साफ-सुथरे सर्विस रिकॉर्ड के बावजूद उन्हें बार-बार पदोन्नति से वंचित रखा जा रहा है. 


उन्होंने प्रशासन की कार्यशैली को 'मनमाना' और 'चयनात्मक न्याय' करार दिया है.

विज्ञापन


दरअसल, अक्टूबर 2024 से जुलाई 2025 के बीच जारी हुई पदोन्नति सूचियों में नाम न होने पर नाराजगी जताते हुए छवई ने कहा कि भोपाल में लंबित एक लोकायुक्त जांच को आधार बनाकर उनकी डीआईजी (DIG) रैंक की पदोन्नति रोकी गई है. 


आईपीएस अधिकारी ने गृह मंत्रालय के 1999 के दिशा-निर्देशों का हवाला देते हुए तर्क दिया कि पदोन्नति केवल तभी रोकी जा सकती है जब अधिकारी निलंबित हो, उसे चार्जशीट दी गई हो या वह आपराधिक मुकदमे का सामना कर रहा हो. 


उन्होंने आरोप लगाया कि एक ओर जांच के नाम पर उनका हक छीना जा रहा है, वहीं दूसरी ओर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम जैसे गंभीर आरोपों का सामना कर रहे अन्य अधिकारियों को प्रमोट किया गया है. 


उन्होंने इसे संविधान के अनुच्छेद 16 के तहत मिलने वाले समान अवसर के अधिकार का सीधा उल्लंघन बताया है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP