छत्तीसगढ़ के IPS जितेंद्र शुक्ला NSG में ग्रुप कमांडर नियुक्त
रायपुर । संवाददाता: केंद्र सरकार ने छत्तीसगढ़ कैडर के आईपीएस अधिकारी जितेंद्र शुक्ला को देश की प्रतिष्ठित आतंकवाद-रोधी इकाई नेशनल सिक्योरिटी गार्ड (NSG) में ग्रुप कमांडर नियुक्त किया है. केंद्रीय गृह मंत्रालय ने इस संबंध में राज्य सरकार को आधिकारिक पत्र भेजकर उन्हें तत्काल राज्य दायित्वों से मुक्त करने के निर्देश दिए हैं.
2013 बैच के आईपीएस अधिकारी जितेंद्र शुक्ला एनएसजी में केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर एसपी स्तर के पद पर तैनात होंगे.
जितेंद्र शुक्ला मूल रूप से उत्तर प्रदेश के प्रयागराज (इलाहाबाद) के निवासी हैं. 22 सितंबर 1983 को जन्मे शुक्ला ने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से भूगोल में स्नातक एवं परास्नातक की पढ़ाई की. इसके बाद उन्होंने सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी की और वर्ष 2013 में भारतीय पुलिस सेवा में चयनित हुए.
प्रशिक्षण के दौरान वे बिलासपुर में तैनात रहे और कोटा थाना प्रभारी के रूप में कार्य किया. इसके बाद उन्होंने अंबिकापुर में सीएसपी, सुकमा में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तथा सुकमा, महासमुंद, कोरबा, राजनांदगांव और दुर्ग जिलों में पुलिस अधीक्षक के रूप में सेवाएं दीं. छत्तीसगढ़ में उन्हें एक कर्मठ, सख्त और प्रभावी नेतृत्व क्षमता वाले अधिकारी के रूप में जाना जाता है.
वर्ष 1986 में गठित नेशनल सिक्योरिटी गार्ड देश की प्रमुख आतंकवाद-रोधी बल है, जिसे ‘जीरो एरर फोर्स’ माना जाता है. एनएसजी आतंकवाद-रोधी अभियानों के साथ-साथ प्रधानमंत्री एवं चुनिंदा अति विशिष्ट व्यक्तियों की सुरक्षा की जिम्मेदारी भी निभाती है.
जितेंद्र शुक्ला की एनएसजी में नियुक्ति को केंद्र सरकार द्वारा उनके नेतृत्व और परिचालन क्षमता पर भरोसे के रूप में देखा जा रहा है. राज्य पुलिस से केंद्रीय सुरक्षा बल में उनका यह दायित्व राष्ट्रीय सुरक्षा के लिहाज से एक अहम जिम्मेदारी माना जा रहा है.