रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

कानून-व्यवस्था सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता- उपमुख्यमंत्री

C

CG Khabar

14 अग. 2025, 04:58 PM 3 मिनट में पढ़ें 2

विजय शर्मा
विजय शर्मा

रायपुर । संवाददाता: उप मुख्यमंत्री तथा गृहमंत्री विजय शर्मा ने गुरूवार को कहा कि कानून-व्यवस्था मजबूत करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है. इसके अलावा उन्होंने मादक पदार्थो के पूरे नेटवर्क को खत्म करने के लिये कहा है. गृहमंत्री ने साइबर अपराध से निपटने पर खास फोकस रखने को कहा है.


उपमुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री विजय शर्मा की अध्यक्षता में आज गुरूवार को महानदी भवन, मंत्रालय में गृह विभाग की समीक्षा बैठक हुई. बैठक में प्रदेश की कानून-व्यवस्था, पुलिस भर्ती, प्रशिक्षण, भवन निर्माण और मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई जैसे कई अहम मुद्दों पर गहन चर्चा हुई. 

विज्ञापन


बैठक की शुरुआत नशे के कारोबार के विरुद्ध चलाये जा रहे अभियान से हुई. उपमुख्यमंत्री शर्मा ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि प्रदेश में मादक पदार्थों के लिए जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी. उन्होंने निर्देश दिए कि हर मामले में पूरी तरह से एंड-टू-एंड जांच हो, जिसमें तस्करी के पूरे नेटवर्क, आर्थिक लेन-देन और जुड़े लोगों की पहचान कर कार्रवाई की जाए, ताकि नशे के कारोबार को जड़ से समाप्त किया जा सके. 


बैठक में अपर मुख्य सचिव मनोज कुमार पिंगुआ, पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम, जेल डीजी हिमांशु गुप्ता के अलावा वरिष्ठ पुलिस अधिकारी उपस्थित थे.


पुलिस भर्ती को लेकर उपमुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि सभी भर्तियां पारदर्शी, निष्पक्ष और समयबद्ध तरीके से पूरी हों. चयनित अभ्यर्थियों की नियुक्ति और प्रशिक्षण में अनावश्यक देरी न हो तथा तैनाती के साथ ही उन्हें आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जाएं. 


अवैध प्रवासियों से संबंधित शिकायतों के लिए जारी टोल-फ्री नंबर का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश भी दिए गए और कहा गया कि इस नंबर पर प्राप्त किसी भी शिकायत पर तत्काल कार्रवाई हो, ताकि प्रदेश की शांति और सुरक्षा पर कोई खतरा न आए.


राज्य पुलिस अकादमी चंदखुरी और सभी पुलिस प्रशिक्षण स्कूलों में प्रशिक्षण की गुणवत्ता सुधारने के प्रस्तावों पर भी विस्तार से चर्चा हुई. 


इसमें साइबर अपराध से निपटने के लिए विशेष प्रशिक्षण और महिला सुरक्षा से जुड़े पाठ्यक्रम शामिल किए गए. उपमुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि प्रशिक्षण तकनीकी रूप से आधुनिक, समय के अनुरूप और पूरी तरह व्यावहारिक होना चाहिए, ताकि पुलिस बल की दक्षता और क्षमता मैदान में साफ नजर आए. 


उन्होंने अकादमी में प्रख्यात वक्ताओं के विशेष सत्र आयोजित करने पर भी जोर दिया, जिससे प्रशिक्षुओं को नए दृष्टिकोण और अनुभव से सीखने का अवसर मिले.


बैठक के अंत में उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने दोहराया कि प्रदेश की कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है. 


उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ सख्त अभियान, कानून का प्रभावी क्रियान्वयन, पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया, उच्च गुणवत्ता वाला प्रशिक्षण और मजबूत बुनियादी ढांचा उपलब्ध कराने के लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP