रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

दिल्ली के प्रदूषण पर छत्तीसगढ़ सरकार ने किया बचाव, राहुल को घेरा

C

CG Khabar

29 नव. 2025, 09:37 AM 3 मिनट में पढ़ें 2

दिल्ली प्रदूषण
दिल्ली प्रदूषण

रायपुर | संवाददाता: छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है. शर्मा ने तंज करते हुए कहा कि राहुल गांधी को इटली के चश्मे से नहीं, भारत का चश्मा लगाकर देखना चाहिए, तभी उन्हें सही तस्वीर दिखेगी. उनका कहना है कि सरकारें प्रदूषण के मुद्दे पर काम कर रही हैं, लेकिन राहुल गांधी को यह सब नजर नहीं आ रहा.


गौरतलब है कि सुप्रीम कोर्ट दिल्ली के प्रदूषण पर सरकार की कड़ी आलोचना की है. देश के मुख्य न्यायाधीश तक इस मामले में सरकार की लानत-मलामत कर चुके हैं. दुनिया भर में भारत की स्थिति को लेकर चिंता जताई जा रही है.

विज्ञापन


इन सबके बीच छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने इस मामले में राहुल गांधी को निशाने पर लिया है.


राहुल गांधी ने 28 नवंबर को दिल्ली में प्रदूषण के बढ़ते स्तर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार को घेरा था. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर दिल्ली की महिलाओं के साथ बातचीत का एक वीडियो शेयर किया, जिसमें वे उनसे प्रदूषण से जुड़ी परेशानियों पर चर्चा करते नजर आए. राहुल ने लिखा कि वह जिस भी मां से मिलते हैं, वह कहती है कि उसका बच्चा जहरीली हवा में सांस लेकर बड़ा हो रहा है. उनके मुताबिक लोग थके हुए, डरे हुए और गुस्से में हैं और मोदी जी, भारत के बच्चे सबके सामने घुट रहे हैं.


राहुल गांधी ने अपनी पोस्ट में कहा कि बच्चों का दर्द सबसे गहरी चोट की तरह मांओं के दिल में उतरता है. उन्होंने दावा किया कि दिल्ली में प्रदूषण के खिलाफ लड़ रहीं कुछ साहसी मांओं से उनकी मुलाकात हुई, जो सिर्फ अपने नहीं, पूरे देश के बच्चों के भविष्य को लेकर डरी हुई हैं. राहुल का आरोप है कि जहरीली हवा से छोटे-छोटे बच्चे फेफड़ों, दिल और मानसिक बीमारियों के शिकार हो रहे हैं, लेकिन इतनी भयावह राष्ट्रीय आपदा के बावजूद मोदी सरकार हाथ पर हाथ धरे बैठी है और समय तेजी से हमारे हाथों से फिसल रहा है.


इन्हीं बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने पलटवार किया. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के अभियानों से देश के युवा थक चुके हैं और उनका दम घुट रहा है. शर्मा ने दावा किया कि प्रदूषण के मुद्दे पर केंद्र और राज्य सरकारें लगातार काम कर रही हैं, लेकिन राहुल गांधी को इटली के चश्मे से वह दिखाई नहीं दे रहा है. उन्होंने दोहराया कि यदि राहुल गांधी भारत का चश्मा लगाएंगे, तो उन्हें सब कुछ साफ दिखाई देगा.


दिल्ली-एनसीआर में बढ़ते प्रदूषण पर सुप्रीम कोर्ट भी गंभीर चिंता जता चुका है. कोर्ट में चल रही सुनवाई के दौरान जजों ने टिप्पणी की है कि जहरीली हवा में बच्चों, बुजुर्गों और आम लोगों के लिए सांस लेना मुश्किल होता जा रहा है. 


न्यायाधीशों ने केंद्र सरकार, दिल्ली सरकार और पड़ोसी राज्यों से पूछा है कि जब हर साल हालात इतने खराब हो जाते हैं, तो प्रदूषण पर काबू पाने के लिए दीर्घकालिक और ठोस कदम क्यों नहीं उठाए जाते. कोर्ट ने यह भी कहा कि विकास और सुविधाओं की होड़ में लोगों के जीवन और स्वास्थ्य के अधिकार को नज़रअंदाज़ नहीं किया जा सकता.


जजों की टिप्पणियों से साफ है कि अदालत इस मुद्दे को सिर्फ मौसमी परेशानी नहीं, बल्कि गंभीर स्वास्थ्य संकट के रूप में देख रही है. सुप्रीम कोर्ट ने संकेत दिया है कि अगर हालात में सुधार नहीं हुआ तो वह कड़े आदेश देने से पीछे नहीं हटेगा.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP