छत्तीसगढ़ के वन मंत्री पहुंचे वनतारा, जानवरों की होगी अदला-बदली
छत्तीसगढ़ के वन मंत्री पहुंचे वनतारा
रायपुर | संवाददाता: गुजरात के जामनगर स्थित अंबानी समूह के वनतारा जू सेंटर को लेकर चल रहे विवादों के बीच छत्तीसगढ़ के वन मंत्री केदार कश्यप आज वनतारा रेसक्यू सेंटर के दौरे पर हैं. उनके साथ छत्तीसगढ़ के वन विभाग के अधिकारी भी शामिल हैं.
गौरतलब है कि रायपुर के जंगल सफारी और बिलासपुर के कानन पेंडारी जू से जानवरों को वनतारा ले जाने की मांग लंबे समय से होती रही है. वनतारा रेसक्यू सेंटर ने इस आशय का पत्र भी लिखा था.
शुरु में वन विभाग के अफसरों ने इसके लिए इंकार कर दिया था. लेकिन बाद में कई जानवरों की अदला-बदली को लेकर सहमति बनी और छत्तीसगढ़ वन विभाग दुर्लभ सफेद भालू समेत की जानवरों को देने के लिए राजी हो गया.
ख़बर है कि राज्य के वन मंत्री केदार कश्यप को विशेष तौर पर वनतारा आमंत्रित किया गया था. इसके बाद केदार कश्यप, एपीसीसीएफ वाइल्ड लाइफ प्रेम कुमार और दूसरे अधिकारी कल जामनगर पहुंचे. आज वनतारा के दौरे के बाद वन मंत्री गुरुवार को वापस लौटेंगे.
इससे पहले केदार कश्यप ने गुजरात के वन एवं पर्यावरण मंत्री मुलुभाई बेरा से भी मुलाकात की. उन्होंने गुजरात में वनों के संरक्षण के लिए चलाई जा रही योजनाओं के बारे में केदार कश्यप को जानकारी दी.
इससे पहले गांधीनगर सर्किट हाउस में गुजरात सरकार में सहकारिता मंत्री जगदीश विश्वकर्मा से भी केदार कश्यप की सौजन्य मुलाकात हुई. केदार कश्यप ने उन्हें शाल और बस्तर की ढोकरा शिल्पकला की कलाकृति भेंट की.