सोम, 19 अक्टू. 2026

CGKhabar

छत्तीसगढ़: डॉक्टर को कैंसर पेशेंट से मिला अनमोल तोहफा

C

CG Khabar

02 अग. 2025, 07:23 AM 3 मिनट में पढ़ें 2

डॉक्टर-तोहफा
डॉक्टर-तोहफा

रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के एक बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. तन्मय मोतिवाला को उनकी शादी के मौके पर एक ऐसी मरीज से अनमोल तोहफा मिला, जिसने न सिर्फ कैंसर से जंग जीती, बल्कि उनके दिल में भी खास जगह बनाई. यह मरीज है खुशी, एक नन्हीं कैंसर सर्वाइवर, जिसने डॉ. तन्मय के लिए अपनी शादी में न आ पाने की कमी को हस्तनिर्मित तोहफों से पूरा किया. 


इन तोहफों ने डॉक्टर को भावुक कर दिया और उनकी सोशल मीडिया पोस्ट ने इंटरनेट पर लाखों लोगों का दिल जीत लिया.

विज्ञापन


डॉ. तन्मय ने अपने X अकाउंट पर खुशी के भेजे गये हस्तनिर्मित तोहफों की तस्वीरें साझा करते हुये लिखा, “मेरा दिल भर आया. आज खुशी के एक पैकेज ने मुझे भावुक कर दिया. मैंने उसे अपनी शादी में बुलाया था, लेकिन वह नहीं आ सकी. फिर भी, उसने मुझे ये खूबसूरत हस्तनिर्मित तोहफे भेजे.” उन्होंने खुशी को सिर्फ अपनी मरीज नहीं, बल्कि एक प्यारी दोस्त बताया, जिसने जिंदगी की जंग में उन्हें कई सबक सिखाये.


खुशी और डॉ. तन्मय का रिश्ता बेहद खास है. साल 2022 में शेयर की गई एक पोस्ट में डॉ. तन्मय ने खुशी की कहानी बताई थी. जब वह पहली बार उनसे मिली, तब वह पांच साल की थी और सीने में ट्यूमर से जूझ रही थी. शुरू में वह बहुत शांत और जिद्दी थी. 


“मैंने एक घंटे तक उससे बात करने की कोशिश की, कार्टून दिखाये, मजाक किये, लेकिन वह टस से मस न हुई,” डॉ. तन्मय ने लिखा. लेकिन धीरे-धीरे कीमोथेरेपी के दौरान दोनों में दोस्ती हो गई. खुशी उनकी उंगली पकड़कर वार्ड में राउंड लगाने लगी और उनके ईयरफोन से गाने सुनती थी.


एक मजेदार वाकया साझा करते हुए डॉ. तन्मय ने बताया कि कैसे खुशी ने उन्हें “डॉन्की” कहकर चिढ़ाया था. “मैंने उसे उसका नाम स्पेल करना सिखाया-‘D O N K E Y = P A R I’. उसने तपाक से जवाब दिया, ‘D O N K E Y = TANMAY’. हम दोनों खूब हंसे,” उन्होंने याद किया. इस प्यारे पल ने उनके रिश्ते को और गहरा कर दिया.


डॉ. तन्मय के लिए खुशी ने जो सबक सिखाया, वह अनमोल है. “उसने मुझे जिंदगी में लड़ने की कला और हर हाल में मुस्कुराने का हौसला सिखाया. उसने यह भी बताया कि डॉक्टर और मरीज का रिश्ता सिर्फ टेस्ट, सर्जरी और बिलों तक सीमित नहीं होता,” उन्होंने कहा. 


यह कहानी न सिर्फ एक डॉक्टर और मरीज के रिश्ते को दर्शाती है, बल्कि यह भी दिखाती है कि कैसे छोटी-छोटी बातें जिंदगी को खूबसूरत बना सकती हैं.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP