धमतरी राइस मिल हादसा: एक मजदूर की मौत
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में स्थित दिनेश इंडस्ट्रीज राइस मिल में 26 जून को अचानक बोरियों के ढहने से चार मजदूर दब गये.
इस हादसे में तीन मजदूरों रामेश्वर यादव, रोशन यादव और धनराज पटेल को गंभीर चोटें आई थीं. घायल मजदूरों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां रामेश्वर यादव (55) की 27 जुलाई को सुबह 4 बजे जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई.
अन्य दो मजदूरों की हालत भी नाजुक बनी हुई है. रोशन यादव का इलाज रायपुर के एक निजी अस्पताल में चल रहा है, जबकि धनराज पटेल की कमर में गंभीर चोट के कारण शरीर का निचला हिस्सा सुन्न हो गया है.
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस ने अर्जुनी थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस के अनुसार, यह हादसा हरफतराई रोड पर स्थित राइस मिल में शाम 4 बजे हुआ था.
हादसे के बाद एनएसयूआई कार्यकर्ता और जिला अध्यक्ष राजा देवांगन जिला अस्पताल पहुंचे.
उन्होंने मृतक रामेश्वर यादव के परिवार को राज्य सरकार से 25 लाख रुपये मुआवजे और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की है.
इसके अलावा, उन्होंने राइस मिल संचालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके. पुलिस इस मामले की गहन जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी है.