शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

5 लाख की इनामी महिला नक्सली कमांडर ने किया आत्मसमर्पण

C

CG Khabar

06 जन. 2026, 01:36 PM 2 मिनट में पढ़ें 1

नक्सली आत्मसमर्पण
नक्सली आत्मसमर्पण

रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में सुरक्षा बलों को एक बड़ी सफलता मिली है, जहां मंगलवार को 5 लाख रुपये की इनामी महिला नक्सली कमांडर ने आत्मसमर्पण कर दिया. धमतरी पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार ने बताया कि सरेंडर करने वाली नक्सली की पहचान भूमिका उर्फ सोमारी (37 वर्ष) के रूप में हुई है, जो माओवादियों की 'गोबरा लोकल ऑर्गनाइजेशन स्क्वाड' (LOS) की कमांडर और नगरी एरिया कमेटी की सक्रिय सदस्य थी.


मूल रूप से बीजापुर जिले की रहने वाली भूमिका साल 2005 से प्रतिबंधित सीपीआई (माओवादी) संगठन से जुड़ी हुई थी और छत्तीसगढ़-ओडिशा सीमावर्ती जंगलों में सक्रिय थी. 


पुलिस के अनुसार, वह 2010 में महासमुंद के पदकपली, 2014 में मानपुर के मोतीपानी, 2016 में ओडिशा के नुआपाड़ा और 2025 में धमतरी के मंदागिरी में हुई मुठभेड़ों सहित कई नक्सली घटनाओं में शामिल रही है.


आत्मसमर्पण के बाद भूमिका ने पुलिस को बताया कि वह माओवादियों की 'खोखली' विचारधारा और संगठन के भीतर होने वाले भेदभाव से तंग आ चुकी थी. लंबे समय तक परिवार से दूर रहने की पीड़ा और छत्तीसगढ़ सरकार की 'पुनर्वास एवं आत्मसमर्पण नीति' से प्रभावित होकर उसने मुख्यधारा में लौटने का निर्णय लिया. 


एसपी परिहार ने बताया कि क्षेत्र में पुलिस के निरंतर ऑपरेशनों और 'सिविक एक्शन प्रोग्राम' के दबाव के कारण भी नक्सलियों का मनोबल टूटा है. सरकार की नीति के तहत आत्मसमर्पित नक्सली को तत्काल 50,000 रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP