धमतरी: स्कूल में 35 बच्चों ने ब्लेड से काटे हाथ, इलाके में दहशत और प्रशासन अलर्ट
रायपुर । धमतरी: छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के कुरुद ब्लॉक स्थित धमदाहा मिडिल स्कूल में 35 स्कूली बच्चों ने ब्लेड या किसी नुकीली वस्तु से अपने हाथों पर गहरे कट मारकर खुद को घायल कर लिया है.
इस सामूहिक आत्मघाती व्यवहार ने न केवल अभिभावकों की नींद उड़ा दी है, बल्कि शिक्षा विभाग और जिला प्रशासन के होश भी फाख्ता कर दिए हैं.
घटना का खुलासा तब हुआ जब एक छात्र के परिजनों ने उसके हाथ पर चोट के निशान देखे, जिसके बाद स्कूल में जांच करने पर एक-एक कर कुल 35 बच्चों के हाथों पर वैसे ही निशान पाए गए.
डराने वाली बात यह है कि बच्चे इस खौफनाक कदम के पीछे की असली वजह बताने को तैयार नहीं हैं.
मामले की गंभीरता को देखते हुए 16 फरवरी को मेडिकल टीम, मनोवैज्ञानिकों और शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने स्कूल पहुंचकर बच्चों और पालकों की विशेष काउंसलिंग की है.
जिला शिक्षा अधिकारी चंद्रकुमार साहू ने शिक्षकों को बच्चों की गतिविधियों पर पैनी नजर रखने के कड़े निर्देश दिए हैं, जबकि विशेषज्ञ यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि क्या यह किसी ऑनलाइन गेम, सोशल मीडिया चैलेंज या किसी मानसिक दबाव का परिणाम है. Symbolic Photo