कांग्रेस सरकार के समय में धर्मांतरण को संरक्षण- अरुण साव
बिलासपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने बिलासपुर में धर्मांतरण के बढ़ते मामलों पर तीखा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में धर्मांतरण को संरक्षण मिलता था और दोषियों पर कोई कार्रवाई नहीं होती थी.
अब वर्तमान सरकार सख्ती से कदम उठा रही है. साव ने जोर देकर कहा कि जहां भी धर्मांतरण की शिकायत मिल रही है, वहां त्वरित कार्रवाई की जा रही है, जिसके चलते ऐसे मामले सामने आ रहे हैं. उन्होंने चेतावनी दी कि धर्मांतरण में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा.
उप मुख्यमंत्री ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के मंत्रिमंडल विस्तार को असंवैधानिक बताने वाले बयान पर भी कड़ा जवाब दिया.
साव ने कहा कि जिन लोगों ने संविधान और संवैधानिक संस्थाओं का अपमान किया, वे अब इस तरह के निराधार आरोप लगा रहे हैं.
उन्होंने भूपेश के वोट चोरी के दावों को जनादेश और लोकतंत्र का अपमान करार दिया. साव ने कहा कि कांग्रेस पार्टी सिकुड़ रही है और अपने कार्यकर्ताओं के पलायन पर मंथन करने के बजाय जनता को दोषी ठहरा रही है.
इसके साथ ही, साव ने छत्तीसगढ़ में बाघों की संख्या में वृद्धि पर खुशी जाहिर की और इसे राज्य के लिए गर्व का विषय बताया. गोवंश की मृत्यु की घटनाओं पर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा कि सरकार ने गोवंश संरक्षण के लिए व्यापक कार्ययोजना तैयार की है, जिससे भविष्य में गोमाता की सुरक्षा सुनिश्चित होगी.
प्रदेश के स्कूलों में अव्यवस्था और लापरवाही के मामलों पर साव ने कहा कि सरकार इस पर नजर रखे हुए है और जहां भी अनियमितताएं सामने आ रही हैं, वहां सख्त कार्रवाई की जा रही है. उन्होंने जनता से धैर्य रखने और सरकार के प्रयासों में सहयोग करने की अपील की. (फाइल फोटो)