GST बचत उत्सव को लेकर व्यापारियों में दिखा उत्साह
रायपुर । संवाददाता: जीएसटी की दरों में बदलाव को लेकर सरकार के प्रचार-प्रसार अभियान के अंतर्गत छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राजधानी रायपुर के प्रमुख बाजारों का भ्रमण किया. उन्होंने एम.जी. रोड, जयस्तंभ चौक, शारदा चौक और गुरुनानक चौक के आसपास के व्यापारियों और उपभोक्ताओं से आत्मीय संवाद किया.
मुख्यमंत्री के आगमन से बाजार में उत्सव का माहौल बन गया. व्यापारियों और नागरिकों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया, और “मोदी जी को धन्यवाद” के नारे गूंजते रहे. मुख्यमंत्री ने दुकानदारों और ग्राहकों से बातचीत कर जीएसटी सुधारों से होने वाले लाभों की जानकारी ली.
मुख्यमंत्री साय ने जयस्तंभ चौक से महात्मा गांधी मार्ग होते हुए गुरुनानक चौक तक पैदल भ्रमण किया और विभिन्न दुकानों पर जीएसटी बचत उत्सव के स्टीकर लगाए. इस दौरान उन्होंने व्यापारियों और ग्राहकों से नई कर व्यवस्था के प्रभावों पर चर्चा की. शारदा चौक के श्री शंकर हनुमान मंदिर में दर्शन के साथ भ्रमण की शुरुआत हुई.
लीला श्रीराम इलेक्ट्रॉनिक्स में खरीदारी करने आई समता कॉलोनी की सुश्री ऋचा ठाकुर ने बताया कि जीएसटी कटौती से उन्हें 5 एसी खरीदने में 25,000 रुपये की बचत हुई. पहले 35,000 रुपये प्रति एसी की कीमत अब 30,000 रुपये हो गई. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को धन्यवाद दिया.
इसी तरह, एम.एस. ट्रेडर्स के प्रोप्राइटर मोहन नेभानी ने कहा कि जीएसटी कटौती से ग्राहकों की खरीददारी बढ़ी है, और प्रत्येक सामान पर 1,000 से 2,000 रुपये की बचत हो रही है.
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि जीएसटी सुधारों से कर प्रणाली सरल और पारदर्शी हुई है, जिससे व्यापारियों और उपभोक्ताओं दोनों को लाभ हो रहा है. अब केवल दो कर स्लैब हैं: आवश्यक वस्तुएँ जैसे साबुन, टूथपेस्ट, साइकिल और रसोई सामग्री पर 5% कर, और ब्रेड, दूध, पैक्ड नमकीन, चना जैसी वस्तुएँ करमुक्त. इससे हर परिवार को सालाना 3,000 से 5,000 रुपये की बचत होगी. स्वास्थ्य और जीवन बीमा पर कर हटने से 25,000 रुपये की पॉलिसी पर 4,500 रुपये और वरिष्ठ नागरिक बीमा पर 8,000 से 10,000 रुपये की बचत होगी.
मुख्यमंत्री ने व्यापारियों से स्थानीय उत्पादन को बढ़ावा देने और उपभोक्ताओं से स्वदेशी सामान खरीदने का आह्वान किया. उन्होंने कहा, “मैं स्वदेशी खरीदता हूँ और स्वदेशी बेचता हूँ,” यह मंत्र भारत के आर्थिक भविष्य को नई ऊँचाइयों तक ले जाएगा.
मुख्यमंत्री ने टिनी टीज़र, किड्स ऑन व्हील साइकिल स्टोर और इलेक्ट्रॉनिक्स दुकानों का दौरा किया. दुकानदारों ने बताया कि नए प्रावधानों से व्यापार आसान हुआ है और ग्राहकों का भरोसा बढ़ा है. बाजार भ्रमण के दौरान आमजन ने पुष्पवर्षा कर मुख्यमंत्री का स्वागत किया.
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि नवरात्रि और जीएसटी कटौती का यह संयोग व्यापारियों और उपभोक्ताओं के लिए उत्सव से कम नहीं है. यह सुधार आर्थिक गतिविधियों को गति देगा और स्थानीय रोजगार को बढ़ावा मिलेगा.